SEBI Marks Foundation Day : निवेशकों के लिए यह बड़ी खबर है। निर्मला सीतारमण ने SEBI से कहा है कि अब पूरे देश के लिए यूनिफाइड KYC की व्यवस्था शुरू करें। ऐसा करने से अलग-अलग निवेश के लिए बार-बार डॉक्यूमेंट देने की जरूरत नहीं होगी। जानिए कैसे यह कदम भारतीय शेयर बाजार और रिटेल निवेशकों की किस्मत बदल देगा।
SEBI के 38वें स्थापना दिवस पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वित्तीय क्षेत्र में बड़े सुधारों का प्लान पेश किया। उन्होंने निवेशकों की सुविधा के लिए ‘एक देश, एक KYC’ की दिशा में कदम बढ़ाने पर जोर दिया।
एक ही KYC से होगा सारा काम
वित्त मंत्री ने कहा कि निवेशकों को हर सेक्टर के लिए अलग-अलग KYC कराने की परेशानी से मुक्ति मिलनी चाहिए। उन्होंने SEBI को निर्देश दिया कि वह एक ऐसी डिजिटल और आसान प्रोसेस तैयार करे जो पूरे वित्तीय क्षेत्र में मान्य हो। सीतारमण के अनुसार, SEBI के पास वो टेक्नोलॉजी और भरोसा है, जिससे ये काम आसान हो जाएगा और यूनिफाइड KYC मिशन को सफल बना सकता है। इससे नए निवेशकों के लिए बाजार में एंट्री आसान होगी और कागजी कार्रवाई का बोझ भी कम होगा।
धोखेबाजों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
बाजार की साख को बनाए रखने के लिए वित्त मंत्री ने प्रवर्तन और निगरानी को मजबूत करने पर जोर दिया। बता दें कि उन्होंने साफ किया कि गलत काम करने वालों के खिलाफ बिना किसी हिचकिचाहट के कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा, बाजार सहभागियों को ये पता होना चाहिए कि गड़बड़ी होने पर ना सिर्फ जांच होगी, बल्कि अंजाम भी भुगतना पड़ेगा। साथ ही, उन्होंने रिटेल निवेशकों के भरोसे का गलत फायदा उठाकर निजी कमाई करने वालों के खिलाफ भी चेतावनी दी।
डिजिटल सुरक्षा और वित्तीय शिक्षा पर जोर
बढ़ते ऑनलाइन फ्रॉड को देखते हुए वित्त मंत्री ने SEBI को क्षेत्रीय भाषाओं में जन जागरूकता अभियान चलाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बड़े सरकारी अधिकारियों के नाम पर चल रहे फर्जी विज्ञापनों और कंटेंट को तुरंत हटाने के लिए रैपिड रिस्पॉन्स मैकेनिज्म तैयार किया जाए। इसके अलावा, उन्होंने अंतरराष्ट्रीय नियामकों के साथ मिलकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े जोखिमों और सीमा पार होने वाली धोखाधड़ी से निपटने के लिए ठोस रणनीति बनाने को कहा।

Related Posts
गुजरात निकाय चुनाव: 26 अप्रैल को 9000 सीटों पर होगा महासंग्राम, देखें पूरा शेड्यूल
अमेरिका का बड़ा कदम! रूस-ईरान के तेल पर छूट खत्म, कहा- अब कोई राहत नहीं
ईरान ने बहाल की कमर्शियल फ्लाइट्स, तेहरान से इन देशों के लिए उड़ानें शुरू