शेयर बाजार में जारी उठापटक के बीच DSP एसेट मैनेजर्स की अदिति कोठारी देसाई ने निवेशकों को अनुशासन बनाए रखने की सलाह दी है। उन्होंने SIP जारी रखने पर जोर देते हुए बताया कि क्यों मौजूदा गिरावट लंबी अवधि के निवेशकों और बैंकिंग सेक्टर के लिए एक सुनहरा अवसर साबित हो सकती है।
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बीच शेयर बाजार में मची उथल-पुथल को लेकर DSP एसेट मैनेजर्स की चेयरपर्सन अदिति कोठारी देसाई ने निवेशकों को खास सलाह दी है। 150 साल की वित्तीय विरासत को आगे बढ़ा रहीं अदिति का मानना है कि मौजूदा अनिश्चितता के दौर में अनुशासन और धैर्य ही सबसे बड़े हथियार हैं। उन्होंने कहा कि हेडलाइंस को देखकर पैनिक रिएक्शन देना नुकसानदेह हो सकता है।
SIP बंद करना हो सकता है आत्मघाती
अदिति कोठारी ने साफ संदेश दिया है कि गिरते बाजार में SIP कभी बंद नहीं करनी चाहिए। उनके अनुसार सुधार के दौरान SIP रोकने से कॉस्ट एवरेजिंग का वह लाभ खत्म हो जाता है, जिसके लिए ये निवेश माध्यम बनाया गया है। एकमुश्त निवेश करने वालों के लिए उन्होंने STP की सलाह दी है, जिससे उतार-चढ़ाव को बेहतर तरीके से मैनेज किया जा सके।
जियोपॉलिटिकल तनाव और बाजार का नजरिया
बाजार की मौजूदा स्थिति पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि वैश्विक तनाव के वजह से होने वाली गिरावट अक्सर शॉर्ट-टर्म होती है। जब तक कि ये घटनाएं वैश्विक व्यापार या ऊर्जा आपूर्ति को बड़े पैमाने पर बाधित ना करें, इक्विटी का लॉन्ग-टर्म ट्रेंड नहीं बदलता। उनके अनुसार बाजार फिलहाल वास्तविक कॉर्पोरेट अर्निंग के बजाय अनिश्चितता पर प्रतिक्रिया दे रहा है, जो समय के साथ शांत हो जाएगी।
इन सेक्टर्स में दिख रहे हैं कमाई के मौके
2.3 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति का प्रबंधन करने वाली DSP की प्रमुख ने बैंकिंग और फाइनेंशियल सेक्टर में वैल्यू की बात कही है। विशेष रूप से प्राइवेट बैंक, इंश्योरेंस और हाउसिंग फाइनेंस कंपनियों पर उनका नजरिया सकारात्मक है। उन्होंने बताया कि निफ्टी प्राइवेट बैंक इंडेक्स अपने पिछले एक दशक के सबसे निचले वैल्युएशन पर ट्रेड कर रहा है,जो अच्छे और मजबूत शेयरों को खरीदने का सबसे सही समय है।

Related Posts
सावधान : सलाद खाने से यहां ”खतरनाक बीमारी”…हजारों लोग बीमार, 34 राज्यों में हेल्थ अलर्ट
PoK में हालात बेकाबू ! ‘लॉन्ग मार्च’ से पहले भड़की हिंसा से मुजफ्फराबाद में हाहाकार
हरियाणा से रफ्तार भरेगी देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन : पीएम मोदी ने इंस्टाग्राम पर साझा कीं तस्वीरें