April 20, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

T20 में भारत का दबदबा! दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 60% जीत, रन-छक्कों और विकेट के असली हीरो कौन?

अहमदाबाद

भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमें आज सुपर-8 चरण में आमने-सामने होंगी। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले को लेकर फैंस बेहद उत्साहित हैं, क्योंकि 2024 टी20 विश्वकप फाइनल में भारत की जीत ने इस प्रतिद्वंद्विता को और रोमांचक बना दिया है।इतिहास और मौजूदा फॉर्म दोनों ही इस मुकाबले को खास बना रहे हैं।

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी20 मुकाबले हमेशा रोमांच से भरे रहे हैं। आंकड़े बताते हैं कि इस फॉर्मेट में टीम इंडिया का पलड़ा थोड़ा भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच 2006 से अब तक 35 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 21 मुकाबले जीते, दक्षिण अफ्रीका ने 13 मैच अपने नाम किए, जबकि एक मुकाबला बेनतीजा रहा। यानी जीत का प्रतिशत करीब 60 फीसदी भारत के पक्ष में रहा है।

टी20 वर्ल्ड कप में भारत का रिकॉर्ड
टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में भी भारत का प्रदर्शन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बेहतर रहा है। दोनों टीमों के बीच विश्व कप में अब तक सात मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से पांच भारत ने जीते हैं। दक्षिण अफ्रीका ने सिर्फ दो मैच जीते हैं। भारत और दक्षिण अफ्रीका टी20 विश्वकप में पिछली बार साल 2024 टी20 विश्वकप के फाइनल में आमने-सामने आए थे। इस मुकाबले को भारत ने सात रन से जीता था।

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच सात टी20 विश्वकप मुकाबले
     2007: भारत ने 37 रन से जीत दर्ज की
    2009: भारत की 12 रन से हार
    2010: भारत की 14 रन से जीत
    2012: भारत की 1 रन से रोमांचक जीत
    2014: भारत की 6 विकेट से जीत
    2022: भारत की 5 विकेट से हार
    2024 फाइनल: भारत 7 रन से जीता

सबसे ज्यादा रन: मिलर और डिकॉक का जलवा
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी20 मुकाबलों में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के विस्फोटक बल्लेबाज डेविड मिलर के नाम है। उन्होंने 28 मैचों में 563 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं। दूसरे स्थान पर क्विंटन डिकॉक हैं, जिन्होंने 15 मैचों में 507 रन बनाए। ये दोनों बल्लेबाज 500+ रन बनाने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं।

भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड तिलक वर्मा (496 रन) के नाम है। इसके बाद रोहित शर्मा (429 रन) और मौजूदा कप्तान सूर्यकुमार यादव (406 रन) का नाम आता है। सूर्यकुमार ने एक शतक और चार अर्धशतक लगाए हैं, जो दर्शाता है कि उन्हें प्रोटियाज गेंदबाजी रास आती है।

Spread the love