June 24, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

एक्टिव मोड में मानसून : कई राज्यों में तूफानी बारिश, ओलावृष्टि की भी चेतावनी

23 जून को देश के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय रहेगा। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत, मध्य भारत और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। वहीं मौसम विभाग ने कुछ राज्यों में ओले गिरने की आशंका जताई है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। तेज हवाओं के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। हरियाणा में 23 जून तक आंधी और बारिश का दौर जारी रह सकता है।

उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में गरज के साथ बारिश
उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड के कई जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन राज्यों में अधिकतम तापमान 32 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। किसानों को बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में भारी बारिश का अलर्ट
दक्षिण भारत में केरल और कर्नाटक के तटीय इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी गरज के साथ बारिश होने का अनुमान है। तापमान 28 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में सक्रिय रहेगा मानसून
तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में मानसून ने दोबारा रफ्तार पकड़ ली है। इन राज्यों में कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। किसानों के लिए यह बारिश खरीफ फसलों की बुवाई के लिहाज से फायदेमंद मानी जा रही है।

मध्यप्रदेश में भी गरज-चमक के साथ बरसेंगे बादल
इधर, लंबे समय बारिश की राह तक रहे मध्यप्रदेश के लोगों को भी राहत मिलने वाली है। मध्यप्रदेश में मानसूनी गतिविधियां सक्रिय हो गई हैं। प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के बीच बारिश होगी, प्रदेश में 23 से 26 जून के दौरान अच्छी बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश
पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, नागालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। कुछ इलाकों में जलभराव और भूस्खलन की आशंका भी जताई गई है। तापमान 26 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश का दौर
पर्वतीय राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बना रह सकता है। यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

मुंबई में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में प्री मानसून ने दस्तक दे दी है। 22 जून 2026 सुबह से ही मुंबई के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। इससे उमस भरे मौसम में लोगों को राहत मिली है। बीएमसी एक अधिकारियों का कहना है कि मुंबई के कुछ इलाकों में सिर्फ़ एक घंटे में ज़ोरदार बारिश हुई। शहर में रविवार से ही बारिश शुरू हो गई थी। आसमान में बादल छाए रहने और ठंडी हवा चलने से पूरे शहर में सुबह का मौसम सुहावना रहा। मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे और रायगढ़ के लिए अगले तीन दिनों का येलो अलर्ट जारी किया है।

Spread the love