July 8, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

FBI के शिकंजे में पंजाब का SHO, जांच के आदेश; जानें पूरा मामला?

अमेरिकी संघीय जांच ब्यूरो (FBI) द्वारा की गई रंगदारी संबंधी जांच के बाद पंजाब पुलिस ने बुधवार को होशियारपुर जिले के एक एसएचओ को पुलिस लाइन में स्थानांतरित कर दिया। पंजाब पुलिस ने होशियारपुर जिले के टांडा के थाना प्रभारी (एसएचओ) निरीक्षक गुरिंदरजीत सिंह नागरा को भारत स्थित संगठित अपराध सिंडिकेट के सदस्यों के खिलाफ अमेरिकी संघीय अभियोग में आरोपों से जोड़ने वाली खबरों व सोशल मीडिया पोस्ट का संज्ञान लेते हुए एक तथ्यान्वेषण जांच का भी आदेश दिया।

यह कार्रवाई कैलिफोर्निया के अटॉर्नी कार्यालय द्वारा भारत स्थित अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध समूहों के खिलाफ एक समन्वित अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई की घोषणा के एक दिन बाद हुई, जिसके परिणामस्वरूप अमेरिका, कनाडा और यूरोप में गिरफ्तारियां हुईं। जालंधर रेंज के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) कार्यालय ने एक बयान में कहा कि उन खबरों और सोशल मीडिया पोस्ट पर संज्ञान लिया गया है, जिसमें कथित तौर पर एफबीआई द्वारा की गई रंगदारी संबंधी जांच के सिलसिले में निरीक्षक गुरिंदरजीत सिंह नागरा का नाम सामने आया है।

नागरा वर्तमान में होशियारपुर जिले के टांडा पुलिस थाने में एसएचओ के रूप में तैनात हैं। तथ्यों की पुष्टि होने तक निरीक्षक गुरिंदरजीत सिंह नागरा को तत्काल प्रभाव से पुलिस थाना टांडा से पुलिस लाइन, होशियारपुर में स्थानांतरित कर दिया गया है। जालंधर रेंज के डीआइजी द्वारा मामले की जांच का आदेश दिया गया है। इसका जिम्मा पुलिस अधीक्षक (जांच), जालंधर ग्रामीण को सौंपा गया है।

जांच अधिकारी को आरोपों और सभी प्रासंगिक तथ्यों की जांच करने और जल्द से जल्द एक विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। खबरों के मुताबिक, अमेरिकी अभियोग ने आरोप लगाया है कि कुख्यात अपराधी जग्गू भगवानपुरिया ने भारत की एक जेल से आपराधिक गिरोह का संचालन किया और गुरिंदरजीत सिंह, जिन्हें पंजाब का पुलिस अधिकारी बताया गया है, ने अमेरिका स्थित एक परिवार को भारत में झूठे हत्या के मामले में फंसाने का प्रयास किया।

Spread the love