Stock Market Today : अमेरिका और ईरान के बीच फिर से शांति वार्ता शुरू होने की उम्मीदों ने शेयर बाजार में जोश भर दिया है। बुधवार, 15 अप्रैल को बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 1,133.53 अंक या 1.48% की जोरदार बढ़ोतरी के साथ 77,981.10 के लेवल पर खुला, जबकि निफ्टी 50 इंडेक्स 321.15 अंक या 1.35% बढ़त के साथ 24,163.80 के स्तर पर खुला। इस दौरान, बैंक निफ्टी इंडेक्स 738.40 अंक या 1.33% की मजबूती के साथ 56,343.45 के लेवल पर खुला।
निवेशकों को 9 लाख करोड़ का फायदा
आज के कारोबारी सत्र में आई तेजी से बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर लिस्टेड सभी कंपनियों के मार्केट कैपिटलाइजेशन में 9 लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है। यह आज सुबह 458 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि सोमवार को 449 लाख करोड़ रुपये पर था।
फिर शुरू होगी अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया बयान ने एक बार फिर दुनिया भर में हलचल तेज कर दी है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में दोनों देशों के बीच बातचीत अगले दो दिनों में फिर शुरू हो सकती है। पिछले हफ्ते हुई पहले दौर की बातचीत बेनतीजा रही थी, जिससे बाजार में तनाव बना हुआ था। अब डिप्लोमैटिक बातचीत शुरू होने की उम्मीद से निवेशकों की चिंता कम हुई है।
ग्लोबल मार्केट में उछाल से मिला समर्थन
दुनिया भर के शेयर बाजारों में तेजी देखी जा रही है। जापान के प्रमुख इंडेक्स निक्केई में 1 प्रतिशत की बढ़तोरी आई है, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 3 प्रतिशत उछल गया। कल रात अमेरिकी बाजार भी मजबूत रहे। नैस्डैक 2 प्रतिशत चढ़ा और एसएंडपी 500 में 1.2 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।
रुपया हुआ मजबूत
भू-राजनीतिक तनाव कम होने और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से भारतीय रुपया भी मजबूत हुआ है। आज सुबह रुपया 12 पैसे की बढ़त के साथ 93.23 प्रति डॉलर पर कारोबार कर रहा था।
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है। निवेशकों को सलाह है कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित वित्तीय विशेषज्ञों की राय लें।

Related Posts
मंदी से न हो पैनिक, जारी रखें अपनी SIP, एक्सपर्ट से जानिए कमाई का सीक्रेट फार्मूला
शेयर बाजार में आई जोरदार तेजी, सेंसेक्स 1300 अंक चढ़ा, निफ्टी 24250 के पार – जानें कारण
बड़ा धमाका: 1 शेयर पर मिलेगा 1 शेयर फ्री, लिस्टिंग के बाद पहली बार बोनस का ऐलान