नई दिल्ली। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आवास के बाहर धरना देने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी की कड़ी आलोचना की और इसे निंदनीय तथा भारतीय राजनीति के इतिहास में ‘काला दिन’ करार दिया। नवीन ने आरोप लगाया कि गांधी और कांग्रेस नेताओं ने अराजकता फैलाने के लिए प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरना दिया। उन्होंने विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की भी आलोचना की।
भाजपा अध्यक्ष ने मीडिया से बातचीत में कहा, ”राहुल गांधी ने आज जिस तरह का व्यवहार किया, वह अशोभनीय और निंदनीय था।” उन्होंने कहा, ”यह असहमति की राजनीति नहीं, बल्कि अराजकता की राजनीति थी।” भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ”यह निश्चित रूप से दुर्भाग्यपूर्ण था और भारतीय राजनीति के इतिहास में एक काला दिन था।”
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी के आवास के बाहर धरना दिया और नीट प्रश्नपत्र लीक मामले में विरोध कर रहे छात्रों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई को लेकर उनके इस्तीफे की मांग की। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन के साथ गांधी से मुलाक़ात की और उनसे अपना धरना खत्म करने का आग्रह किया, लेकिन गांधी ने इनकार कर दिया। बाद में विपक्षी नेताओं को जबरन उस जगह से हटाया गया और पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

Related Posts
MP में UCC विधेयक विधानसभा में पारित, राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद होगा लागू
अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में बदल सकती है जांच टीम, सीनियर IPS करेंगे अगुवाई
कमजोर मानसून से महंगी हुई अरहर, क्या ₹9,000 के पार जाएगी कीमत?