July 28, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

पर्यटन और वन विभाग मिलकर होमस्टे को प्रोत्साहित करें : सीएम डॉ. मोहन यादव

भोपाल। प्रदेश के मुखिया डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों के विस्तार और उनके बेहतर संचालन के लिए पर्यटन विभाग, वन तथा संस्कृति विभाग के साथ समन्वय कर गतिविधियों का संचालन करें। इससे ग्रामीण और वनांचल में स्थित होमस्टे को प्रोत्साहित करने में भी मदद मिलेगी। यह सुनिश्चित किया जाए कि पर्यटन विकास निगम द्वारा निजी निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए संचालित गतिविधियों के लिए जारी होने वाली अनुमतियों में विलंब नहीं हो। प्रत्येक स्तर पर त्वरित, सुगम और पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा संचालित गतिविधियों की मंत्रालय में समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

सभी बड़े शहरों में निजी निवेश को प्रोत्साहित कर कन्वेंशन सेंटर विकसित किए जाएं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्यमार्ग तथा ग्रीनफील्ड के पास विकसित होने वाले मार्ग सुविधा केन्द्रों के साथ हॉस्पिटल, ट्रामा सेंटर, पेट्रोल पम्प, चार्जिंग स्टेशन आदि की व्यवस्था की जाए। इनका संचालन पीपीपी मोड पर करने के संबंध में भी विचार किया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के सभी बड़े शहरों में निजी निवेश को प्रोत्साहित कर कन्वेंशन सेंटर विकसित किए जाएं। उन्होंने कहा कि धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए आस्था से जुड़े सभी स्थानों तक आवागमन और वहां की व्यवस्था बेहतर बनाने में हरसंभव सहयोग दिया जाए।

पर्यटन को उद्योग का दर्जा देने के लिए भी कार्यवाही जारी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सावन में आरंभ हो रही कांवड़ यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए यात्रा मार्ग पर प्रत्येक 15-20 कि.मी. पर भोजन-प्रसादी आदि की व्यवस्था हो। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए सुविधा केन्द्रों की व्यवस्था भी की जाए। इस व्यवस्था में धार्मिक संस्थाओं से सहयोग और जनभागीदारी को प्रोत्साहित किया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगोरिया मध्यप्रदेश का विलक्षण उत्सव है, अगले वर्ष के भगोरिया की तिथियां अभी से जारी कर इसका राष्ट्रीय स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए। बैठक में विभागीय गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बताया गया कि पर्यटन को उद्योग का दर्जा देने के लिए भी कार्यवाही जारी है।

Spread the love