- राज्यमंत्री श्रीमती कृष्णा गौर ने प्रतिमा का अनावरण कर अर्पित की पुष्पांजलि
- बाबूजी का जीवन जनसेवा और विकास के लिए रहा समर्पित- राज्यमंत्री श्रीमती गौर
- बाबूलाल गौर शासकीय महाविद्यालय में सेमिनार में हुईं शामिल, छात्रों के साथ किया पौधरोपण
भोपाल। पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बाबूलाल गौर की जन्म जयंती पर मंगलवार को वार्ड 54 के साकेत नगर स्थित ‘बाबूलाल गौर पार्क’ में उनकी प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान का स्मरण किया। राज्यमंत्री श्रीमती कृष्णा गौर ने कहा कि श्रद्धेय ‘बाबूजी’ का संपूर्ण जीवन जनसेवा और प्रदेश के विकास के लिए समर्पित रहा। उन्होंने भोपाल और विशेषकर गोविंदपुरा क्षेत्र के विकास को जो नई दिशा दी है, वह हम सभी के लिए एक महान आदर्श है। श्रीमती गौर ने कहा कि उनकी यह प्रतिमा हमें सदैव उनके द्वारा किए गए जन-कल्याणकारी कार्यों, उनके संघर्षपूर्ण जीवन और जमीन से जुड़े नेता के रूप में उनकी सादगी की प्रेरणा देती रहेगी।
राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने कहा कि बाबूजी के सपनों का गोविंदपुरा क्षेत्र और एक उन्नत मध्यप्रदेश बनाने के लिए हम उनके बताए मार्ग पर निरंतर जनसेवा का कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि स्व. गौर जी ने अपना पूरा जीवन समाज के वंचित वर्गों और आम जनता के उत्थान में लगा दिया। उनके यही विचार और जनहितैषी नीतियां हमारी सबसे बड़ी धरोहर हैं। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्षदगण और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इससे पूर्व राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने पूर्व मुख्यमंत्री स्व. बाबूलाल गौर की जयंती के अवसर पर भेल स्थित बाबूलाल स्नातकोत्तर शासकीय महाविद्यालय में आयोजित सेमिनार में शामिल हुईं। उन्होंने कार्यक्रम की शुरूआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ की। इस दौरान उन्होंने स्व. बाबूलाल गौर की प्रतिमा पर पुष्प भी अर्पित किए। महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ पूर्व मुख्यमंत्री स्व. बाबूलाल गौर की स्मृति में पौधारोपण भी किया।
वहीं, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्रद्धेय बाबूलाल गौर की जयंती पर विधानसभा के सेंट्रल हॉल में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके कार्यकाल के स्वर्णिम क्षणों का स्मरण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए कहा कि श्रद्धेय बाबूलाल गौर जी मध्यप्रदेश के ऐसे राजनेता रहे, जिन्होंने अपने जनहितैषी कार्यों से लोगों के दिलों में जगह बनाई। वे सदैव हमारे लिए आशीर्वाददाता की भूमिका में रहे। राज्य सरकार उनके बताए मार्ग और आदर्शों का अनुसरण करते हुए प्रदेश की जनता के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मध्यप्रदेश विधानसभा में आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम में पूर्व राज्यपाल श्री कप्तान सिंह सोलंकी, नगरीय विकास एवं आवास तथा संसदीय कार्य मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, विधायक श्री भगवानदास सबनानी, विधायक श्री रामेश्वर शर्मा तथा परिजन सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। शाम को 74 बंग्ला निवास पर भजन संध्या का आयोजन रखा गया, जिसमें शहर के हजारों गणमान्य नागरिकों ने उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।

Related Posts
आरआरबी रीगल प्रोजेक्ट बिल्डर हर्षवर्धन दीक्षित के विरुद्ध राजस्व प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, दुकानों को किया गया कुर्क।
मां के बीमा क्लेम के लिए बेटे से मांगी रिश्वत, गोड्डा में बैंक मैनेजर CBI के हत्थे चढ़ा
रोशनी लौटाने की मुहिम में छत्तीसगढ़ आगे: 1.63 लाख से अधिक मोतियाबिंद ऑपरेशन से हजारों चेहरों पर लौटी मुस्कान