अगस्त में होने वाली MSCI इंडिया स्टैंडर्ड इंनेक्स की समीक्षा के बाद भारतीय शेयर बाजार में करीब 2.3 अरब डॉलर का विदेशी निवेश (Passive) आ सकता है। JM फाइनेंशियल रिसर्च की रिपोर्ट के मुताबिक, इस समीक्षा में 12 नए शेयरों को इंडेक्स में शामिल किया जा सकता है, जबकि 3 शेयर बाहर हो सकते हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, Adani Green Energy, Adani Energy Solutions और निवेश प्लेटफॉर्म Groww की पैरेंट कंपनी Billionbrains Garage Ventures के इंडेक्स में शामिल होने की संभावना सबसे ज्यादा है।
Groww में आएगा 821 मिलियन डॉलर!
ब्रोकरेज का अनुमान है कि अगर Groww को इंडेक्स में जगह मिलती है तो उसमें करीब 821 मिलियन डॉलर का पैसिव निवेश आ सकता है। वहीं Adani Green Energy में करीब 773 मिलियन डॉलर का निवेश आने का अनुमान है। इसके अलावा, Ather Energy के भी इंडेक्स में शामिल होने की संभावना मानी जा रही है। हालांकि, इसके लिए कंपनी को समीक्षा अवधि के दौरान अपने फ्री फ्लोट एडजस्टेड मार्केट कैप में और सुधार करना होगा।
12 अगस्त को होगा ऐलान
MSCI इस समीक्षा के नतीजों की घोषणा 12 अगस्त को बाजार बंद होने के बाद करेगा। नए बदलाव 31 अगस्त से लागू होंगे। रिपोर्ट के अनुसार, इन बदलावों से इंडेक्स की संरचना में बड़ा परिवर्तन हो सकता है और MSCI इंडेक्स को ट्रैक करने वाले वैश्विक पैसिव फंड्स की ओर से बड़े निवेश देखने को मिल सकते हैं।
Laurus Labs और Biocon को भी जगह?
JM फाइनेंशियल ने लौरस लैब्सऔर बायोकॉन को MSCI स्माल कैप इंडेक्स से MSCI स्टैंडर्ड इंडेक्स में शामिल होने का मजबूत दावेदार बताया है। अगर ऐसा होता है तो लौरस लैब्स में करीब 554 मिलियन डॉलर और बायोकॉन में करीब 285 मिलियन डॉलर का पैसिव निवेश आ सकता है।
वहीं आईटी कंपनी कोफोर्ज को मध्यम संभावना वाला दावेदार माना गया है। इंडेक्स में शामिल होने पर इसमें करीब 567 मिलियन डॉलर का निवेश आने का अनुमान है।
किन शेयरों पर निकल सकता है पैसा?
रिपोर्ट के मुताबिक, एस्ट्रल के इंडेक्स से बाहर होने की संभावना सबसे अधिक है। वहीं SBI Cards and Payment Services को भी मध्यम संभावना वाला बाहर होने वाला शेयर माना गया है।
अगर SBI Cards इंडेक्स से बाहर होता है तो उसमें 140 मिलियन डॉलर से ज्यादा की निकासी हो सकती है। वहीं एस्ट्रल से करीब 138 मिलियन डॉलर का पैसिव निवेश बाहर निकल सकता है। इसके अलावा बालकृष्ण इंडस्ट्रीज के भी इंडेक्स से बाहर होने की संभावना कम मानी गई है।
फिलहाल कितने शेयर हैं इंडेक्स में?
मौजूदा समय में MSCI India Standard Index में करीब 165 कंपनियां शामिल हैं, जिनका कुल मार्केट कैप करीब 3.2 लाख करोड़ डॉलर है। रिपोर्ट में कहा गया है कि बाजार के निवेशक MSCI इंडेक्स की समीक्षा पर खास नजर रखते हैं, क्योंकि इसमें होने वाले बदलावों की वजह से संबंधित शेयरों में ट्रेडिंग वॉल्यूम और शॉर्ट टर्म प्राइस मूवमेंट देखने को मिलता है।

Related Posts
‘द वेल्थ’ ने लॉन्च किया नया फंड, 29 जुलाई तक निवेश का मौका
18 साल से लगातार नंबर 1 पर टाटा ग्रुप, अडानी पहली बार टॉप 10 में शामिल
इंडियन ओवरसीज बैंक में अपनी हिस्सेदारी बेचेगी सरकार! ये बैंक भी हैं लिस्ट में शामिल