वाराणसी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (International Women’s Day 2026) के अवसर पर वाराणसी स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर (Shri Kashi Vishwanath Temple) प्रबंधन ने महिलाओं को खास तोहफा देते हुए नि:शुल्क दर्शन की विशेष व्यवस्था की है। सभी मातृशक्ति को आज 8 मार्च को बिना टिकट के भगवान विश्वनाथ के दर्शन करने का सुअवसर मिलेगा।
महिलाओं की गरिमा और सम्मान के लिए पहल
मंदिर प्रबंधन की ओर से की गई यह यह सराहनीय पहल न केवल धार्मिक महत्व रखती है, बल्कि समाज में महिलाओं की गरिमा और सम्मान को बढ़ावा देने का भी संदेश देती है। मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्रा ने बताया कि 8 मार्च को द्वार संख्या 4-बी से महिलाओं को सीधा प्रवेश दिया जाएगा। विशेष रूप से गोद में बच्चों को लेकर आने वाली महिलाओं को प्राथमिकता से दर्शन कराए जाएंगे।
इस खास व्यवस्था से महिलाओं को लंबी कतारों और टिकट की परेशानी से निजात मिलेगी। सुबह 4 बजे से 5 बजे तक और शाम 4 बजे से 5 बजे तक का समय पहले से ही काशीवासियों के लिए आरक्षित रहता है, इसलिए इस दौरान काशी निवासियों की विशेष व्यवस्था यथावत रहेगी। शेष पूरे दिन महिलाओं के लिए यह नि:शुल्क और विशेष प्रवेश की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने इस फैसले के माध्यम से मातृशक्ति का सम्मान किया है।
विश्वभूषण मिश्रा ने कहा कि भगवान विश्वनाथ मातृशक्ति का आशीर्वाद संपूर्ण मानवता पर, संपूर्ण आराधकों पर बनाए रखें. हम सभी मातृशक्ति की सुख-समृद्धि, सनातन धर्मावलंबियों और भगवान विश्वनाथ के समस्त श्रद्धालुओं के कल्याण की कामना करते हैं। मंदिर प्रशासन की ओर से अपील की गई है कि, सभी श्रद्धालु महिला दिवस के अवसर पर शांति और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। मंदिर प्रबंधन के इस खास फैसले का श्रद्धालुओं द्वारा स्वागत किया जा रहा है।

Related Posts
Delhi : ईवी खरीदने पर 100% रोड टैक्स-रजिस्ट्रेशन माफ, ₹1 लाख तक की सब्सिडी
ट्रंप का दावा-ईरान ने की बैठक की पहल, तेहरान ने नकारा
CBSE ने बदला अपना ही नियम : 10वीं कक्षा पर लागू नहीं होगी ‘थ्री लैंग्वेज पॉलिसी’