April 1, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

भारत के TOP बीच : दूर-दूर तक नीला पानी और खूबसूरत दिलकश नजारा से लेकर बहुत कुछ

जहां देखो वहां दूर दूर तक चारों तरफ नीला अथाह पानी, पानी के पीछे से उदय और अस्त होता सूर्य, सूर्य की लालिमा से सिंदूरी होता समुद्र का पानी और दूर तक फैली खूबसूरती ऐसे कई अद्भुत द्श्य हमारे भारत में उपस्थित है। हमारा भारत तीन दिशाओं से सागर से घिरा है। भारत विश्व का एक मात्र ऐसा देश है, जिसका 7500 किलोमीटर तक लम्बा विशाल समुद्र तट है।

 

भारत में गोवा, अंडमान निकोबार, केरला, लक्षदीप, कर्नाटक, गुजरात, उडीसा व अन्य राज्यों में कई समुद्री स्थल हैं। भारत के समुद्री बीच पर कई मनमोहक नज़ारे हैं, अपितु इन बीच पर कई प्रकार के वाटर स्पोर्ट्स भी उपलब्ध हैं। इन तटों पर आपको डोल्फिन मछलियां, कई प्रकार के समुद्री कछुए, जेली मछलियों, डगोंग और अलग अलग प्रकार की रंगीन मछलियों को देखने और उनके साथ साथ तैरने का आनंद भी ले सकते हैं। स्कूबा डाइविंग, और स्नॉर्कलिंग जैसी साहसी गतिविधियों का अलग ही रोमांच है। आप अकेले या आपने साथी, अपने दोस्त या परिवार के साथ हो, भारतीय बीच पर आपको वो सब मिलेगा जो आप चाहते हैं।

राधानगर बीच : अंडमान निकोबार

अंडमान निकोबार में स्थित राधा नगर बीच हैवलॉक आइसलैंड से करीब 12 किलोमीटर की दूरी पर है। यह द्वीप विश्व से बेहतरीन द्वीपों में से एक है। राधानगर बीच के शांत वातावरण और शानदार मौसम की बजह से लोग इसे भारत का बेस्ट बीच एवं विश्व के सबसे अच्छे बीच की लिस्ट में रखते हैं। इस बीच में एक तरफ हरे भरे जंगल और दूसरी तरफ दूर दूर तक नीला पानी देखकर आपका मन प्रफुल्लित हो जाएगा। यहां की कई खूबसूरत यादें आपके मानस पटल पर अंकित हो जाएंगी। एक बात का विशेष ध्यान रखें, यहां खाने पीने की सामग्री साथ लेकर आएं। यहां खाने पीने को होटल या स्टाल उपलब्ध नहीं है।

अगोंडा बीच : गोवा

गोवा के कानाकोना जिले में स्थित अगोंडा नामक एक गांव के पास स्थित है। यहां नीले सागर के किनारे सुनहरी रेत पर बने कॉटेज आपको सुबह से लेकर रात तक रुकने के लिए मजबूर कर देंगे। पीक सीजन के समय यहाँ बहुत रौनक रहती है। फ़ास्ट म्यूजिक और डिस्को लाईट में मेले जैसा माहौल बन जाता है।

केवलोसीम बीच : गोवा

केवेलोसिम बीच गोवा राज्य की राजधानी पणजी से लगभग 47 किलोमीटर की दूरी पर स्थित एक खूबसूरत बीच है। यह गोवा के साथ-साथ भारत के प्रसिद्ध बीचों में से एक है। यहां उपस्थित चारों ओर काली काली चट्टानें और सफ़ेद रेत इसे दूसरे रीतीलों तटों से अलग करती है। केवेलोसिम बीच शांत और साफ सुथरा है। देश विदेश से पर्यटक यहां के शांत और खुशनुमा वातावरण में नीले रंग के पानी का दृश्य देखने के लिए आते हैं। इस स्थान पर संबाथिंग का अलग ही अनुभव प्राप्त होता है। केवेलोसिम बीच पर आप कई मजेदार रेत के खेल और रेत में तरह-तरह की कलाकारी बना सकते हैं। आप गोवा के इस बीच पर सनबाथिंग, डॉल्फिन स्पॉटिंग, विंडसर्फिंग, पैरासेलिंग, जेट स्कीइंग, स्पीड बोटिंग, बोट राइड्स और तैराकी जैसी कई पानी के खेलो की गतिविधियों का आनंद ले सकते हैं।

बेनौलीम बीच : गोवा

बेनौलिम बीच भारत के सबसे खूबसूरत बीच की श्रेणी में आता है। यह गोवा के दक्षिण में स्थित कोल्वा बीच से 2 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। बेनौलिम बीच पर बने पुराने मंदिर और चर्च बने हुए हैं। यहां के घरों में पुर्तगालियों के अविस्मरणीय वास्तुकला भी देखने को मिलती है। बेनौलिम बीच पर आरामदायक कुर्सियां लगी होती है, जिन पर बैठकर आप सूर्यास्त के दृश्य को निहार सकते हैं। इस बीच पर आप जेट स्कीइंग, स्नोर्केलिंग, पैरासेलिंग और विंडसर्फिंग जैसे वाटरस्पोर्ट्स का अद्भुत अनुभव प्राप्त सकते हैं। बेनौलिम बीच पर डॉल्फिन स्पॉटिंग एक प्रसिद्ध मनोरंजक स्थल है। बीच पर कई ऐसे रेस्टोरेंट है, जिन पर स्वादिस्ट समुद्री भोजन उपलब्ध होता है। हर रविवार को बोनान्जा पार्टी होती है, जिसका लाइव म्यूजिक और डांस आपको दीवाना बना देता है।

वर्कला बीच : केरल

वर्कला तिरुवनंतपुरम 51 किलोमीटर दूर और कोल्लम से 37 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। वर्कला में ऊँची ऊंची चट्टानें अरब सागर से सटी दिखाई देती हैं। यहां चट्टानों से टकराती समुद्र की लहरों की आवाज मन में देर तक गूंजती रहती है। यहां मनोरम समुद्र तट के अलावा 2000 वर्ष पुराना भगवान विष्णु का एक प्राचीन मंदिर तथा आश्रम, शिवगिरी मठ स्थित है। आपको यहां नारियल के खूबसूरत पेड़, कुछ दुकानें तथा बीच के आसपास झोपड़ियां भी देखने को मिलेंगी।

पुरी बीच : उड़ीसा

उड़ीसा की धार्मिक नगरी जगन्नाथ पुरी हमारे चार धामों में से एक धाम होने के कारण भगवान जगन्नाथ के मंदिर के लिये विश्वविख्यात है, लेकिन यहां भी एक आदर्श बीच है। यहां लगभग एक किलोमीटर की दूरी तक समुद्र में गहराई नहीं है। इस कारण से आप समुद्र में अंदर तक समुद्री लहरों के स्नान का मजा ले सकते हैं। आप सागर की लहरों में घंटों उछलकूद कर सकते हैं। यहां की मखमली रेत में आराम से लेटकर विशाल सागर को अपलक निहारने का अनुभव जीवन भर याद रहता है। समुद्री तट के किनारे सड़क पर सजे धजे बाजारों में उड़ीसा के अद्भुत हस्तशिल्प, गहरे समुद्र से निकले शंख और सीपियाँ यहाँ बहुत ही कम कीमत पर उपलब्ध होते हैं।

एलिफेंटा बीच : अंडमान निकोबार

अंडमान निकोबार के हैवलॉक आइसलैंड पर स्थित एलिफेंटा बीच भारत के रोमांटिक बीच में से एक है। समुद्र का खारा पानी, बेजोड़ मस्ती और प्रकृति के अद्भुत नजारे के अलावा आप यहां हाथी की पीठ पर बैठकर पानी की गहराई में उतर सकते हैं। इस बीच पर आप को अलग किस्म की रूमानियत का अहसास भी होगा। समुदंरी रेत पर पैदल मस्ती करना, स्नोरकिलिंग करने के साथ साथ कई अन्य एक्टिविटी भी आप यहां कर सकते हैं। यहां पर सील शिप्स की युगलबंधी देखने के बाद आपका मन शरारत करने के लिए मचल उठेगा। यहां के रिजार्ट में आराम करने के बाद सुबह आप स्वयं को ताजगी से बार हुआ पाते हैं।

धनुषकोडी बीच, रामेश्वरम : तमिलनाडु

धनुषकोडी बीच तमिलनाडु राज्‍य के पूर्वी तट पर स्थित रामेश्वरम द्वीप के पास स्थित है। यह बीच का रामसेतु के कारण पौराणिक महत्त्व रखता है। यह भारत और श्रीलंका के मध्य की स्‍थलीय सीमा है। यहां से श्री लंका मात्र 17 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। यहां हिंद महासागर के गहरे और उथले पानी का बंगाल की खाड़ी के छिछले और शांत पानी से संगम होता है। यहां की प्रकृति के सुंदर स्थल आपको यहाँ आने के लिए मजबूर कर देते हैं। आप यहां स्टार फिश, रंगीन मूंगा फिश, समुद्री शैवाल और समुद्र केकड़े आदि को देख सकते हैं।

कन्याकुमारी बीच : तमिलनाडु

भारत के अंतिम छोर पर स्थित कन्याकुमारी तीन सागरों की त्रिवेणी के रूप में प्रसिद्ध है। तीन रंगों का नीला, हरा और मटमैला पानी मिलकर अविस्मर्णीय द्रश्य की संरचना करता है। यहां सूर्योदय और सूर्यास्त के दिलकश नजारे देखने का सौभाग्य सभी के भाग्य में नहीं होता। यहां आप एक ही स्थल से सूर्य उदय और अस्त होते हुए देख सकते हैं।

पालोलेम बीच : गोवा

यदि आप डॉल्फ़िन देखना चाहते हैं, तो गोवा का पालोलेम तट आपके लिए सर्वथा उपयुत है, यहां आपकी डॉल्फिन को देखने की इच्छा पूरी हो सकती है। गोवा की राजधानी पणजी से 76 किलोमीटर दूर पालोलेम बीच भारत के सबसे अच्छे बीचों में से एक है। यह लगभग 1 मील लम्बे बीच पर अर्ध चंद्र के आकार में सफ़ेद रेत फैली हुई है। पालोलेम बीच के किनारों पर लगे नारियल के पेड़ पूरी दुनिया के लोगों का ध्यान अपनी तरफ आकर्षित करते हैं। नारियल के मोटे जंगल से ढका गोवा का पालोलेम तट प्राकतिक ख़ूबसूरती का नमूना प्रस्तुत करता है।

Spread the love