July 4, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

92 साल बाद…पेनल्टी शूटआउट में ऑस्ट्रेलिया को हराकर राउंड-16 में जीता मिस्र

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ-32 में मिस्र ने ऑस्ट्रेलिया को पेनल्टी शूटआउट में हराकर 92 साल बाद प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया. निर्धारित समय तक दोनों टीमों के बीच मुकाबला 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ, जिसके बाद मैच का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ. जहां मिस्र ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 4-2 से मात दी.

मिस्त्र को इमाम अशूर ने 13वें मिनट पर दिलाई बढ़त
मिस्र ने मैच की शानदार शुरुआत की थी. 13वें मिनट में मिडफील्डर इमाम अशूर ने गोल दागकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई. शुरुआती बढ़त मिलने के बाद मिस्र ने अनुशासित खेल दिखाया और पहले हाफ के अंत तक अपनी बढ़त कायम रखी. ऑस्ट्रेलिया ने बराबरी की कोशिश की, लेकिन उसे कोई बड़ी सफलता नहीं मिली.

55वें मिनट पर ऑस्ट्रेलिया को मिला किस्मत का साथ
दूसरे हाफ में ऑस्ट्रेलिया को किस्मत का साथ मिला. 55वें मिनट में मिस्र के डिफेंडर मोहामेद हानी ने गेंद को क्लियर करने की कोशिश में आत्मघाती गोल कर दिया, जिससे स्कोर 1-1 हो गया. इसके बाद दोनों टीमों ने जीत के लिए प्रयास किए, लेकिन कोई भी निर्णायक गोल नहीं कर सकी. इसके बाद मैच 30 मिनट के अतिरिक्त समय में पहुंचा, लेकिन वहां भी दोनों टीमें गोल करने में नाकाम रहीं. आखिरकार मुकाबले का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ.

शूटआउट से हुआ मैच का फैसला
मैच का फैसला पेनल्टी शूटआउट में हुआ, जहां मिस्र के खिलाड़ियों ने दबाव में बेहतर प्रदर्शन करते हुए 4-2 से जीत अपने नाम किया. मिस्र की ओर से मोहम्मद सलाह, रमय राबिया, महमूद साबेर और होसाम अब्देलमगीद ने अपनी पेनल्टी को गोल में बदला. वहीं ऑस्ट्रेलिया की ओर से जैक्सन इरविन और आवर माबिल सफल रहे, लेकिन टीम जीत हासिल नहीं कर सकी.

1934 के बाद पहली बार राउंड-16 में पहुंची मिस्त्र की टीम
इस जीत के साथ मिस्र ने इतिहास रच दिया. टीम 1934 के बाद पहली बार फीफा विश्व कप के राउंड ऑफ-16 में पहुंची है. पेनल्टी शूटआउट में ऑस्ट्रेलिया को 4-2 से हराकर मिस्र ने 92 साल पुराने इंतजार को खत्म किया. मोहम्मद सलाह की अगुआई वाली टीम अब विश्व कप में अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को और आगे बढ़ाने की कोशिश करेगी.

Spread the love