उत्तर प्रदेश में हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए कोल इंडिया लिमिटेड आगे आया है। राजधानी लखनऊ में स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए कोल इंडिया लिमिटेड (CIL) और उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (UPRVUNL) ने राज्य में नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के विकास के लिए संयुक्त उपक्रम (जॉइंट वेंचर) समझौते पर हस्ताक्षर किए।
यह समझौता UPRVUNL के प्रबंध निदेशक मयूर माहेश्वरी और कोल इंडिया लिमिटेड के निदेशक (व्यवसाय विकास) आशीष कुमार की मौजूदगी में हुआ। इस अवसर पर इन्वेस्ट यूपी के पीएसयू प्रमुख सुबोध दीक्षित के साथ कोल इंडिया लिमिटेड और UPRVUNL के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
इन्वेस्ट यूपी के अधिकारियों ने बताया कि यह रणनीतिक साझेदारी स्वच्छ ऊर्जा के विस्तार को तेज़ करने और प्रदेश की दीर्घकालिक ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से देश की अग्रणी ऊर्जा कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड और प्रदेश की प्रमुख विद्युत उत्पादन कंपनी UPRVUNL मिलकर विश्वस्तरीय नवीकरणीय ऊर्जा अवसंरचना विकसित करेंगे। इससे उत्तर प्रदेश की बढ़ती बिजली जरूरतों के लिए टिकाऊ, पर्यावरण-अनुकूल और भविष्य उन्मुख समाधान उपलब्ध कराए जा सकेंगे।
समझौते के तहत एक नई संयुक्त उद्यम (जॉइंट वेंचर) कंपनी का गठन किया जाएगा, जिसमें कोल इंडिया लिमिटेड की 51 प्रतिशत और UPRVUNL की 49 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी। यह कंपनी ग्राउंड-माउंटेड सोलर, फ्लोटिंग सोलर, रूफटॉप सोलर, पवन ऊर्जा, पंप्ड स्टोरेज परियोजनाओं समेत अन्य पारस्परिक सहमति से तय स्वच्छ ऊर्जा परियोजनाओं के विकास, वित्तपोषण, निर्माण, संचालन और रखरखाव का कार्य करेगी।
यह साझेदारी कोल इंडिया लिमिटेड की वित्तीय क्षमता, परियोजना क्रियान्वयन दक्षता और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में विशेषज्ञता को UPRVUNL के विद्युत उत्पादन अनुभव तथा उत्तर प्रदेश की ऊर्जा आवश्यकताओं की गहरी समझ के साथ जोड़ती है। दोनों संस्थाएं मिलकर सौर, पवन, फ्लोटिंग सोलर और पंप्ड स्टोरेज जैसी उच्च गुणवत्ता वाली नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं का विकास करेंगी। इससे राज्य में विश्वसनीय बिजली आपूर्ति, स्वच्छ ऊर्जा की उपलब्धता और कार्बन उत्सर्जन में कमी सुनिश्चित होगी।
अधिकारियों के अनुसार, यह संयुक्त उपक्रम उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता विकसित कर राज्य की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करेगा और सतत आर्थिक विकास को गति देगा। संयुक्त उपक्रम समझौते पर हस्ताक्षर के अवसर पर UPRVUNL, कोल इंडिया लिमिटेड और इन्वेस्ट यूपी के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Posts
क्रूड ऑयल के दाम गिरे तो पेट्रोल-डीजल महंगा क्यों? सरकार ने बताई वजह…
भारत-जापान नई साझेदारी : AI, रक्षा, सेमीकंडक्टर, ऊर्जा समेत कई बड़े समझौतों पर सहमति
पर्यटन & होटल कारोबार : बड़े बदलाव की तैयारी…ताकि अर्थव्यवस्था को मिले Growth