April 6, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

पंजाब यूनिवर्सिटी में कुलपति पद के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू, रेणु विग को 4 महीने का विस्तार

चंडीगढ़.

पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ में नए कुलपति की नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित कर लिए गए हैं। बीते 28 मार्च को मौजूदा कुलपति प्रोफेसर रेनू विग का कार्यकाल खत्म होने जा रहा था, लेकिन चांसलर ऑफिस की ओर से उन्हें 4 महीने का एक्सटेंशन दे दिया गया है।

अब नए कुलपति की नियुक्ति को लेकर तीन सदस्यों की सर्च कमेटी चार से पांच नाम शॉर्ट लिस्ट करके चांसलर ऑफिस को भेजेगा जिसके बाद में कुलपति का फैसला होगा। 5 मई तक कुलपति पद के लिए योग्य उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे। आमतौर पर पंजाब यूनिवर्सिटी कुलपति को पहले चरण में 3 वर्ष का कार्यकाल दिया जाता है और उसके बाद फिर से 3 वर्ष की एक्सटेंशन मिल जाती है। लेकिन पहली बार मौजूदा कुलपति को सिर्फ 4 महीने का एक्सटेंशन दिया गया है। पंजाब यूनिवर्सिटी कुलपति पद के लिए इस बार मुकाबला काफी कड़ा रहने की उम्मीद है। देश के विभिन्न यूनिवर्सिटी में मौजूदा समय में पंजाब यूनिवर्सिटी के कई प्रोफेसर कुलपति के पद पर कार्यरत हैं। यह सभी प्रोफेसर पंजाब यूनिवर्सिटी कुलपति के लिए आवेदन करेंगे। 2023 में कुलपति पद के लिए 134 आवेदन मिले थे।

कुलाधिपति एवं उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने कुलपति रेणु विग के कार्यकाल को आगे बढ़ाने की मंजूरी दे दी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार अगले कुलपति की नियुक्ति के लिए तीन सदस्यीय खोज-सह-चयन पैनल भी गठित कर दिया गया है। विग के तीन साल के कार्यकाल के खत्म होने के ठीक अगले दिन 29 मार्च से यह विस्तार प्रभावी होगा। शिक्षा मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘इस पैनल में सभी महिलाएं होंगी जिसकी अध्यक्षता नासिक स्थित महाराष्ट्र आरोग्य विज्ञान विद्यापीठ की कुलपति सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल माधुरी कानिटकर करेंगी।

समिति में नयी दिल्ली के राष्ट्रीय शैक्षिक योजना एवं प्रशासन संस्थान (एनआईईपीए) की कुलपति शशिकला वंजारी और कोलकाता के सीएसआईआर-भारतीय रासायनिक जीव विज्ञान संस्थान की निदेशक विभा टंडन सदस्य के रूप में शामिल हैं।’’ रेणु विग ने 16 जनवरी 2023 को तत्कालीन कुलपति राज कुमार के भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच इस्तीफे के बाद कार्यवाहक कुलपति के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। बाद में वर्ष 2023 में उन्हें औपचारिक रूप से विश्वविद्यालय की 14वीं और पहली महिला कुलपति नियुक्त किया गया था। 

Spread the love