July 10, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

हिसार में पांच मोरों की रहस्यमयी मौत, वन्यजीव विभाग में हड़कंप, जांच में जुटी टीम

हिसार (हरियाणा) के मीरकां गांव में पांच राष्ट्रीय पक्षी मोरों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से वन्यजीव विभाग में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही वाइल्ड लाइफ विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मृत मोरों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

सभी मोरों का पोस्टमार्टम लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास) में कराया जाएगा। विभाग का कहना है कि विसरा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
वाइल्ड लाइफ इंस्पेक्टर दिनेश जांगड़ा ने बताया कि जीव रक्षा संगठन के पदाधिकारियों से सूचना मिलने पर टीम को गांव भेजा गया। प्रारंभिक सूचना में तीन मोरों के मरने की बात सामने आई थी, लेकिन जांच के दौरान मृत मोरों की संख्या बढ़कर पांच पाई गई।

उन्होंने बताया कि फिलहाल मौसम सामान्य है और न ही शिकार जैसी कोई बात सामने आई है। प्रारंभिक तौर पर खेतों में इस्तेमाल किए गए कीटनाशकों के प्रभाव से मोरों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि विभाग ने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम और विसरा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि की जा सकेगी।

Spread the love