भारत संचार निगम लिमिटेड यानी BSNL भारत की एकमात्र सरकारी टेलीकॉम कंपनी है. अब इस सरकारी टेलीकॉम कंपनी BSNL ने सैटेलाइट कम्युनिकेशन सेवाओं को बढ़ावा देते हुए नया सैटेलाइट फोन लॉन्च किया है, जिसके कीमत 1,34,166 रुपये रखी गई है. BSNL का यह नया सैटेलाइट फोन खासतौर पर उन जगहों के लिए बनाया गया है, जहां सामान्य मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं होता है. ऐसे में आइए जानते हैं BSNL के इस नए सैटेलाइट फोन की डिटेल्स के बारे में.
BSNL का नया सैटेलाइट फोन
BSNL ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया है कि यह सैटेलाइट फोन कठिन और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी वॉयस कॉल और SMS की सुविधा देता है. कंपनी के अनुसार, यह फोन उन क्षेत्रों में भी काम करेगा जहां पारंपरिक मोबाइल नेटवर्क नहीं पहुंच पाते हैं. ऐसे में BSNL का यह सैटेलाइट फोन मुख्य रूप से इन क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों के लिए उपयोगी होगा-
रक्षा सेवाएं (Defence)
समुद्री क्षेत्र (Maritime)
आपदा राहत एवं बचाव कार्य (Disaster Response)
खनन उद्योग (Mining)
दूरस्थ क्षेत्रों में काम करने वाली टीमें
एडवेंचर और ट्रैकिंग करने वाले लोग
कंपनी ने ग्राहकों से अधिक जानकारी के लिए अपने नजदीकी BSNL कार्यालय से संपर्क करने की अपील की है. हालांकि, सोशल मीडिया पोस्ट में साझा किया गया हेल्पलाइन नंबर कुछ समय तक रिस्पॉन्स नहीं दे रहा था, जिस पर कई यूजर्स ने शिकायत भी की है.
2018 से उपलब्ध है सैटेलाइट सेवा
BSNL जनवरी 2018 से ग्लोबल सैटेलाइट फोन सर्विस (GSPS) के जरिए आम लोगों और निजी कंपनियों को वॉयस कॉल और SMS की सुविधा दे रहा है. दूरसंचार विभाग (DoT) के नियमों के अनुसार, सैटेलाइट फोन जारी करने से पहले BSNL को मोबाइल कनेक्शन की तरह ग्राहक का पूरा सत्यापन (KYC) करना होता है. इसके अलावा ग्राहक से यह भी पूछा जाता है कि फोन का इस्तेमाल कहां, कितने समय और किस उद्देश्य से किया जाएगा.
BSNL के अनुसार, सैटेलाइट फोन के जरिए होने वाला संचार एन्क्रिप्टेड होता है, जिससे बातचीत और संदेश अधिक सुरक्षित रहते हैं. वहीं BSNL सैटेलाइट फोन के लिए सरकारी और व्यावसायिक ग्राहकों को अलग-अलग पोस्टपेड और प्रीपेड प्लान उपलब्ध कराता है. यह प्लान कुछ इस तरह से हैं-
पोस्टपेड प्लान-
3500 रुपये प्रति माह
5835 रुपये प्रति माह
11,670 रुपये प्रति माह
इन प्लान्स में 16 से 60 मिनट तक मुफ्त कॉलिंग या SMS की सुविधा मिलती है.
प्रीपेड प्लान-
सरकारी संस्थानों के लिए 3500 रुपये प्रति माह या 38,500 रुपये सालाना
व्यावसायिक ग्राहकों के लिए 5835 रुपये प्रति माह या 64,185 रुपये सालाना
फ्री मिनट खत्म होने के बाद सरकारी संस्थानों से 18 रुपये प्रति मिनट/SMS, जबकि व्यावसायिक ग्राहकों से 25 रुपये प्रति मिनट/SMS का शुल्क लिया जाता है. वहीं BSNL ने बताया कि प्रीपेड ग्राहकों के लिए 200, 500, 1000, 5000 और 10,000 रुपये के टॉप-अप रिचार्ज भी उपलब्ध हैं, जिससे जरूरत के अनुसार सेवा का इस्तेमाल जारी रखा जा सके.

Related Posts
SEBI ने बदले नियम : अब रुपये में होगी FPI फीस की पेमेंट, म्युचुअल फंड के नियम भी बदले
Tata Power : 2030 तक ₹1 लाख करोड़ रेवेन्यू लक्ष्य, न्यूक्लियर पावर सेक्टर में उतरने की तैयारी
टॉप 6 कंपनियों का मार्केट कैप ₹1 लाख करोड़ बढ़ा, एयरटेल-बजाज फाइनेंस में अच्छी तेजी