भारतीय शेयर बाजार में सोमवार, 15 जून का दिन बेहद अहम होने वाला है। दिग्गज बिजनेस ग्रुप वेदांता लिमिटेड की डीमर्जर प्रक्रिया पूरी होने वाली है। वेदांता ग्रुप की चार नई डीमर्ज्ड कंपनियां कल से NSE और BSE पर स्वतंत्र रूप से नई शुरुआत कर रही हैं। इस कदम के बाद बाजार में अब वेदांता ग्रुप की कुल पांच कंपनियां लिस्टेड हो जाएंगी। इस कॉर्पोरेट एक्शन के तहत वेदांता लिमिटेड से अलग होकर जो चार नई कंपनियां सोमवार को बाजार में कदम रख रही हैं, उनमें वेदांता ऑयल एंड गैस लिमिटेड (पुराना नाम माल्को एनर्जी), वेदांता पावर लिमिटेड (पुराना नाम तलवंडी साबो पावर), वेदांता एल्युमिनियम मेटल लिमिटेड और वेदांता आयरन एंड स्टील लिमिटेड शामिल हैं। मूल कंपनी वेदांता लिमिटेड पहले की तरह ही एक्सचेंजों पर ट्रेड करती रहेगी।
इस कंपनी की सबसे ज्यादा चर्चा
इन चारों नए शेयरों में सबसे ज्यादा चर्चा वेदांता ऑयल एंड गैस लिमिटेड की हो रही है। यह बाजार में VOGL स्क्रिप नाम से ट्रेड करेगी। यह कंपनी फेमस Cairn ब्रांड के तहत काम करती है और देश की सबसे बड़ी प्राइवेट ऑयल एंड गैस और गैस प्रोडक्ट कंपनियों में से एक है। भारत अपनी तेल जरूरतों का एक बहुत बड़ा हिस्सा इंपोर्ट करता है। ऐसे में इस कंपनी की अहमियत बेहद खास है। प्रबंधन का लक्ष्य वित्त वर्ष 2028-29 (FY29) तक मॉडर्न टेक्नोलजी, गैस प्रोजेक्ट्स और नए अन्वेषणों के दम पर अपना प्रोडक्शन 1,50,000 बैरल प्रतिदिन (kboepd) से ऊपर ले जाने का है।
1.4 अरब बैरल का भंडार
बता दें कि इसके पास देश के अलग-अलग हिस्सों जैसे राजस्थान, गुजरात, आंध्र प्रदेश और असम के हाइड्रोकार्बन बेसिन में 44 तेल और गैस ब्लॉक हैं। कंपनी के पास करीब 1.4 अरब बैरल ऑयल इक्यू वैलेंट का विशाल संसाधन भंडार मौजूद है।
कैसी है वित्तीय स्थिति
वित्तीय मोर्चे पर हालिया तिमाही के आंकड़े थोड़े मिले-जुले रहे हैं। वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 3% गिरकर ₹2,583 करोड़ रहा, जबकि EBITDA 12% की गिरावट के साथ ₹1,065 करोड़ दर्ज किया गया। पूरे वित्तीय वर्ष की बात करें तो सालाना आधार पर रेवेन्यू में 13% और EBITDA प्रॉफिट में 7% की कमी आई है।
डिस्क्लेमर : यह आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है। शेयर बाजार में निवेश बाजार जोखिमों के आधीन है, कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से सलाह लें।

Related Posts
चीनी की किल्लत पर लगेगा ब्रेक : त्योहारी सीजन में स्थिर रहेंगी कीमतें, घरेलू उत्पादन 279 लाख टन होने का अनुमान
स्टील के दामों में आएगी तेजी, 3,500 रुपये प्रति टन तक बढ़ने का अनुमान
पेट्रोल की चिंता खत्म? Kia Syros अब 100% Ethanol पर चलेगी, कंपनी ने दिखाया नया Flex Fuel मॉडल