मुंबई में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई मार्गों पर जल भराव होने से आवाजाही में परेशानी हो रही है। मुंबई के अलावा महाराष्ट्र के कई शहरों में बारिश हो रही है।
लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से फिलहाल मुंबई और पुणे के बीच यात्रा नहीं करने की अपील की है. पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर कहा कि मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे और पुराने हाईवे पर दोनों तरफ से गाड़ियों की आवाजाही अगले आदेश तक पूरी तरह बंद रहेगी.
प्रशासन ने लोगों से कहा है कि अगले आदेश तक मुंबई और पुणे के बीच सफर करने से बचें. जिन लोगों ने यात्रा की योजना बनाई है, वे फिलहाल उसे टाल दें. साथ ही, पुलिस और प्रशासन की ओर से जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें, ताकि किसी तरह की परेशानी से बचा जा सके.
पुलिस के मुताबिक, मावल और ताम्हिणी घाट के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. इससे मुंबई और पुणे को जोड़ने वाले ऑप्शनल रास्ते भी प्रभावित हुए हैं. वहीं, मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर एक कंक्रीट का खंभा गिरने के बाद ‘कनेक्टिंग लिंक’ और ‘मिसिंग लिंक’ के बीच का हिस्सा यातायात के लिए बंद कर दिया गया. इसके अलावा पुराने मुंबई-पुणे हाईवे पर कई जगह पानी भर जाने से वहां भी गाड़ियों की आवाजाही रोक दी गई है.
पुलिस ने बताया कि लोहगढ़ किले के पास पाटन गांव में भूस्खलन हुआ है. यहां एक परिवार के फंसे होने की सूचना मिली है, जिसके बाद राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है. वहीं, लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए पुणे जिला प्रशासन ने सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है.
अधिकारियों के मुताबिक, सोमवार तड़के भारी बारिश के बीच खोपोली-कुसगांव ‘मिसिंग लिंक’ की सुरंग-2 के बाहर भूस्खलन हो गया. इसके बाद मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर गाड़ियों की आवाजाही प्रभावित हो गई. यह 13 किलोमीटर लंबा ‘मिसिंग लिंक’ बाईपास करीब दो महीने पहले ही शुरू हुआ था, जिससे मुंबई और पुणे के बीच सफर का समय 25 से 30 मिनट तक कम हो गया था.
महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरडीसी) ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए सोमवार सुबह 4 बजे से ट्रैफिक का रूट बदल दिया गया है. निगम ने कहा कि वह हाईवे पुलिस के साथ मिलकर हालात पर लगातार नजर रख रहा है. साथ ही लोगों से अपील की गई है कि बहुत जरूरी होने पर ही इस रास्ते से यात्रा करें.

Related Posts
अब गांव तक पहुंचेगा Flipkart, इंडिया पोस्ट से डिलीवरी शुरू
“सेफ क्लिक 2.0 ” अभियान सिखा रहा सायबर फ्रॉड से बचने के तरीके
‘चंदा चोरी’ पर उद्धव का तंज : “अयोध्या तो बस झांकी थी, काशी-मथुरा बाकी है”…