September 5, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

36,000 फीट की ऊंचाई पर बेकाबू हुआ Air India प्लेन, जांच में पायलट के ड्रग्स लेने की पुष्टि; नौकरी से निकाला

नईदिल्ली। हवाई सुरक्षा और पेशेवर मानकों को सर्वोपरि रखते हुए एयर इंडिया ने एक बड़ा कदम उठाया है। एअर इंडिया ने शुक्रवार को जांच में मादक पदार्थ सेवन की पुष्टि होने पर फुकेत-दिल्ली उड़ान के मुख्य पायलट की सेवा समाप्त कर दी। एयरलाइन की ओर से यह घोषणा वायुयान दुर्घटना अन्वेषण ब्यूरो (एएआईबी) की फुकेत-दिल्ली उड़ान घटना पर प्रारंभिक रिपोर्ट जारी किए जाने के कुछ घंटे बाद की गई। रिपोर्ट में कहा गया कि पायलट द्वारा मादक पदार्थ का सेवन एक गंभीर चिंता का विषय है, और उसने नियामक नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) से उचित कार्रवाई करने को कहा था।

एअर इंडिया ने एक बयान में कहा, ”फुकेत-दिल्ली उड़ान के मुख्य पायलट की जांच में मन:प्रभावी पदार्थ के सेवन की पुष्टि हुई। सुरक्षा, फिटनेस या नियामकीय आवश्यकताओं के उल्लंघन को कतई बर्दाश्त नहीं करने की एअर इंडिया की नीति के अनुरूप पायलट की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं।” चार अगस्त को फुकेत से दिल्ली आ रहे एअर इंडिया के एक विमान की 36,000 फुट की ऊंचाई पर तीनों हाइड्रोलिक प्रणालियों में लगभग एक साथ खराबी आने से विमान निर्धारित ऊंचाई से अचानक ऊपर-नीचे हुआ और इसके कारण 24 लोग घायल हो गए।

एयर इंडिया की जीरो टॉलरेंस नीति
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि पायलट-इन-कमांड की जांच में नशीला पदार्थ पाया गया है। प्रवक्ता ने जोर देकर कहा कि सुरक्षा, फिटनेस और नियमों के उल्लंघन के मामलों में एयर इंडिया की जीरो टॉलरेंस नीति है। इसी नीति के तहत पायलट की नौकरी तुरंत प्रभाव से खत्म कर दी गई है। जांच दल ने दिल्ली एयरपोर्ट पर चालक दल और उड़ान दल के सदस्यों से विस्तार से पूछताछ की है। जांच को निष्पक्ष रखने के लिए उड़ान दल के दोनों सदस्यों से अलग-अलग पूछताछ की गई ताकि घटना के समय की सटीक जानकारी और रिकॉर्ड जुटाए जा सकें। एजेंसी अब अलग-अलग पक्षों से मिले आंकड़ों की गहन पड़ताल कर रही है।

Spread the love