Udaan Desk. नीट यूजी पेपर लीक मामले में आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई के लिए गठित फास्ट ट्रैक कोर्ट में सोमवार को होने वाली पहली सुनवाई टल गई। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में बने विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट में इस मामले की पहली सुनवाई होनी थी, लेकिन सरकारी वकील के उपलब्ध नहीं होने के कारण कार्यवाही आगे नहीं बढ़ सकी। अब मामले की अगली सुनवाई 3 अगस्त को होगी।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को सुनवाई के दौरान सीबीआई की ओर से कोई वकील अदालत में पेश नहीं हुआ। इसके चलते अदालत ने सुनवाई को स्थगित कर दिया। फास्ट ट्रैक कोर्ट की विशेष जज अनु ग्रोवर बलीगा ने मामले में आगे की प्रक्रिया के लिए अभियोजन पक्ष को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। इस सुनवाई में नीट यूजी 2026 पेपर लीक मामले में गिरफ्तार आरोपियों दिनेश बिवाल और विकास बिवाल की जमानत याचिकाओं पर विचार किया जाना था। दोनों आरोपी सीबीआई द्वारा गिरफ्तार किए गए 13 आरोपियों में शामिल हैं। जांच एजेंसी का आरोप है कि ये लोग उस नेटवर्क का हिस्सा थे, जिसने परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र हासिल कर उसे अभ्यर्थियों तक पहुंचाने का काम किया।
अदालत ने डायरेक्टर ऑफ प्रॉसिक्यूशन को निर्देश दिया है कि नीट पेपर लीक मामले की सुनवाई के लिए जल्द से जल्द सरकारी वकील की नियुक्ति की जाए। अब इस मामले की अगली सुनवाई 3 अगस्त को सुबह 10 बजे राउज एवेन्यू कोर्ट में होगी।

Related Posts
जन-आकांक्षाओं की पूर्ति सरकार की प्रतिबद्धता : राज्यमंत्री कृष्णा गौर
पुरातत्व विभाग करेगा देवरा के प्राचीन शिव मंदिर का जीर्णोद्धार
MP में होटल एवं उद्योग क्षेत्र में निवेश के लिए दुबई से आएगा प्रतिनिधिमंडल