Udaan Desk. जम्मू-कश्मीर में पवित्र अमरनाथ यात्रा के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. मंगलवार सुबह गांदरबल जिले के गुंड गांव के पास श्रीनगर-बालटाल मार्ग पर श्रद्धालुओं से भरी एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी. इस दर्दनाक हादसे में बाबा बर्फानी के दर्शन कर लौट रहे करीब 39 श्रद्धालु घायल हो गए. हादसा उस वक्त हुआ जब बस चालक एक तीखे मोड़ पर गाड़ी से अपना नियंत्रण खो बैठा. दुर्घटना की खबर मिलते ही स्थानीय प्रशासन, भारतीय सेना, पुलिस, अर्धसैनिक बलों और स्थानीय ग्रामीणों ने त्वरित राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला.
कैसे हुआ हादसा?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब 40 यात्रियों को ले जा रही यह बस बालटाल मार्ग से वापस लौट रही थी. गनीवन इलाके के पास पहाड़ी और घुमावदार रास्ते पर चालक मोड़ काटते समय बस पर से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद बस सड़क से फिसलकर सीधी खाई में जा गिरी. हालांकि, गनीमत यह रही कि बस एक मकान और पेड़-पौधों के सहारे रुक गई, जिससे एक बड़ा जानलेवा हादसा टल गया. दुर्घटना के तुरंत बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना की टुकड़ियों, सीआरपीएफ और स्थानीय स्वयंसेवकों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला.
उपराज्यपाल ने जाना हाल
इस दुखद घटना पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए एक्स पर जानकारी साझा की. उन्होंने बताया कि उन्होंने गांदरबल के उपायुक्त और स्वास्थ्य अधिकारियों से बात कर घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली है. उपराज्यपाल ने डॉक्टरों को सभी घायल श्रद्धालुओं को सर्वोत्तम चिकित्सा देखभाल और हर संभव सहायता प्रदान करने के कड़े निर्देश दिए हैं. उन्होंने भगवान शिव से सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना भी की.

Related Posts
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान : MP में अब हर शुक्रवार जनता के बीच होगी सरकार
CJP प्रोटेस्ट पर “सुप्रीम” टिप्पणी : विरोध प्रदर्शन लोकतंत्र का हिस्सा, लेकिन हिंसा स्वीकार्य नहीं, जिसने ज्यादती की उसे सजा मिले
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का कांग्रेस पर वार : बोले- 5 पीढ़ियों से सिर्फ एक परिवार तक सिमटी पार्टी