July 28, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

PM मोदी का फेसबुक पोस्ट हटाने पर Meta ने मांगी माफी, कहा-तकनीकी गलती से ऐसा हुआ

नईदिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फेसबुक पोस्ट हटाए जाने के मामले में Meta ने माफी मांगते हुए इसे तकनीकी गलती बताया है। कंपनी ने कहा कि प्रधानमंत्री का वीडियो अनजाने में हट गया था, लेकिन त्रुटि का पता चलते ही उसे दोबारा बहाल कर दिया गया।

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23 जुलाई को अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया था। इस वीडियो में उन्होंने पेपर लीक के मुद्दे पर छात्रों को संबोधित करते हुए कहा था कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और लाखों लोगों ने इसे देखा था।

हालांकि, कुछ समय बाद यह वीडियो फेसबुक से हट गया, जिसके बाद राजनीतिक हलकों में विवाद शुरू हो गया। कई नेताओं ने इस पर आपत्ति जताई और सवाल उठाए कि आखिर प्रधानमंत्री का आधिकारिक वीडियो किस वजह से हटाया गया। जानकारी के मुताबिक, वीडियो हटने के बाद केंद्र सरकार ने Meta के ग्लोबल अधिकारियों से जवाब भी मांगा था। रिपोर्ट्स के अनुसार, इंस्टाग्राम से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों को भी तलब किया गया। मामले के तूल पकड़ने के बाद Meta के प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा, “यह कंटेंट गलती से हट गया था और अब इसे दोबारा बहाल कर दिया गया है।” कंपनी ने स्पष्ट किया कि यह किसी नीति या जानबूझकर की गई कार्रवाई का हिस्सा नहीं था, बल्कि तकनीकी त्रुटि के कारण ऐसा हुआ।

इस बीच बीजेपी नेता तेजिंदर सिंह बग्गा ने Meta पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की पेपर लीक के खिलाफ कार्रवाई से जुड़ी पोस्ट को भारत में ब्लॉक कर दिया गया था। बग्गा ने सवाल उठाया कि आखिर Meta ने यह कदम किसके कहने पर उठाया और इसके पीछे क्या वजह थी। Meta की सफाई और माफी के बाद विवाद फिलहाल शांत होता नजर आ रहा है। कंपनी का कहना है कि तकनीकी गड़बड़ी को ठीक कर दिया गया है और भविष्य में ऐसी त्रुटि दोबारा न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Spread the love