उड़ान डेस्क। रीवा नगर निगम की कार्यप्रणाली से नाराज एक अधिवक्ता ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। अधिवक्ता विनय गुप्ता थाली में पुड़ी-सब्जी और फूलों की माला लेकर नगर निगम कार्यालय पहुंचे। उनका कहना था कि वे उन अधिकारियों और कर्मचारियों की “खातिरदारी” करना चाहते हैं, जो अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने के बजाय अतिक्रमणकारियों का पक्ष ले रहे हैं। अधिवक्ता के इस विरोध प्रदर्शन ने निगम कार्यालय में मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
अधिवक्ता विनय गुप्ता ने बताया कि रीवा शहर के वार्ड क्रमांक-26 स्थित छत्रपति नगर में उनके घर के सामने शासकीय रास्ते की जमीन पर एक व्यक्ति ने अवैध अतिक्रमण कर लिया है। उनका आरोप है कि संबंधित व्यक्ति ने अपनी भूमि की सीमा से आगे बढ़कर मकान का छज्जा बना लिया है। इसके अलावा नाली के ऊपर भी चबूतरा बना दिया गया है, जिससे आम नागरिकों के आवागमन में परेशानी हो रही है।
विनय गुप्ता का कहना है कि इस मामले की शिकायत उन्होंने कई बार नगर निगम अधिकारियों से की, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनका आरोप है कि शिकायतों के बावजूद निगम अधिकारी और कर्मचारी अतिक्रमण हटाने के प्रति गंभीर नहीं हैं, जिससे अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ता ने नगर निगम कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे अतिक्रमण हटाने के बजाय अतिक्रमणकारी की “मलाई खाने” में व्यस्त हैं। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने प्रतीकात्मक रूप से पुड़ी-सब्जी की थाली और फूलों की माला लेकर निगम कार्यालय पहुंचकर विरोध दर्ज कराया। उन्होंने मांग की कि अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।

Related Posts
बच्चों को सोशल मीडिया से नुकसान मामले में META पर ₹5,000 करोड़ का जुर्माना
थाईलैंड के स्कूल में छात्र ने की गोलीबारी, 7 की मौत, खुद को भी मारी गोली
JPSC Scam छात्र आंदोलन : राहुल गांधी ने किया फोन; आखिर कौन भड़का रहा छात्रों को?