August 7, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

थाईलैंड के स्कूल में छात्र ने की गोलीबारी, 7 की मौत, खुद को भी मारी गोली

Udaan Desk. थाईलैंड में शुक्रवार को एक स्कूल में छात्र ने गोलीबारी कर दी। हमले में कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हुए हैं। राष्ट्रीय पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, गोलीबारी करने वाला संदिग्ध भी मृतकों में शामिल है। उसने कथित तौर पर हमले के बाद खुद को गोली मार ली।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना बैंकॉक के उत्तर-पश्चिमी बाहरी इलाके स्थित डेब्सिरिन नॉनथाबुरी स्कूल में हुई। गोलीबारी के बाद बड़ी संख्या में छात्र स्कूल से बाहर निकलते दिखाई दिए। घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। घटनास्थल पर शिक्षकों को एक-दूसरे से गले मिलकर रोते हुए भी देखा गया।

एक 18 वर्षीय छात्र ने बताया कि शुरुआत में उसे लगा कि पटाखे चल रहे हैं या कोई किसी वस्तु पर जोर-जोर से मार रहा है। उसने कहा, “पहले मुझे नहीं लगा कि यह बंदूक है। कई गोलियां चलीं- धांय, धांय, धांय। फिर सन्नाटा छा गया। इसके बाद दोबारा गोलियां चलने लगीं। “राष्ट्रीय पुलिस के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल त्रिरोंग फोफान ने बताया कि संदिग्ध हमलावर समेत सात लोगों की मौत हुई है। उन्होंने 15 लोगों के घायल होने की पुष्टि की।

शिक्षा मंत्री प्रसर्ट जंतरारुआंगटोंग ने बताया कि मृतकों में शिक्षक और छात्र दोनों शामिल हैं। पुलिस ने हमलावर की पहचान स्कूल के एक छात्र के रूप में की है।आपातकालीन कर्मचारी कियातिखुन वीरापोंगप्रदित ने बताया कि उनकी टीम गोलीबारी के दौरान ही स्कूल पहुंची। उन्होंने घायल छात्रों का उपचार किया, जिनमें पीठ, सीने और हाथों में गोलियां लगी थीं।

आपातकर्मियों ने स्कूल की ऊपरी मंजिल पर एक पुरुष शिक्षक को मृत पाया। एक अन्य कमरे में महिला शिक्षक घायल अवस्था में मिलीं। उनके सीने और हाथ में चोट थी। कियातिखुन ने बताया कि महिला को करीब 30 मिनट तक सीपीआर दिया गया और इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी हृदय गति वापस नहीं लाई जा सकी।

इस साल थाईलैंड में दूसरा स्कूल शूटिंग मामला
यह थाईलैंड में इस साल स्कूल में गोलीबारी की दूसरी घटना है। फरवरी में देश के दक्षिणी हिस्से में एक शिक्षक की गोलीबारी में मौत हो गई थी, जबकि एक छात्र घायल हुआ था। जिला प्रशासन के अनुसार, वर्ष 2025 के शैक्षणिक सत्र में डेब्सिरिन नॉनथाबुरी स्कूल में करीब 3,100 छात्र और 147 शिक्षक थे। उप शिक्षा मंत्री अक्करानन कन्नाकिट्टिनान ने कहा है कि सरकार प्रभावित लोगों को सहायता उपलब्ध कराने के लिए समन्वय कर रही है।

थाईलैंड में गोलीबारी की घटनाओं का लंबा इतिहास
थाईलैंड में हथियारों की उपलब्धता और गोलीबारी की घटनाएं चिंता का विषय रही हैं। पिछले कुछ वर्षों में देश में कई घातक गोलीबारी हुई हैं, जिनमें बच्चे भी मारे गए।

  1. 2022 में थाईलैंड में हाल के इतिहास की सबसे भीषण सामूहिक हत्या हुई थी। एक पूर्व पुलिसकर्मी ने उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में करीब तीन घंटे तक चाकू और बंदूक से हमला किया था। इस हमले में 36 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें डे-केयर सेंटर में सो रहे 22 बच्चे भी शामिल थे।
  2. जुलाई 2025 में बैंकॉक के एक बाजार में गोलीबारी में सुरक्षा गार्ड और एक विक्रेता समेत पांच लोगों की मौत हुई थी। हमलावर ने बाद में खुद को गोली मार ली थी।
  3. 2020 में नखोन रत्चासिमा में एक सैनिक की गोलीबारी में 29 लोगों की मौत हुई थी। वहीं, 2023 में बैंकॉक के एक आलीशान शॉपिंग सेंटर में 14 वर्षीय किशोर ने कथित तौर पर बदली हुई हैंडगन से गोलीबारी की थी, जिसमें दो लोगों की मौत और पांच लोग घायल हुए थे।
Spread the love