July 4, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

मजाक पड़ेगा महंगा : मोबाइल ऐप से ई-रिक्शा की बैटरी बंद की तो जेल और ₹5 लाख जुर्माना

सोशल मीडिया पर एक मजाक अब लोगों की परेशानी बनता दिख रहा है। सोशल मीडिया के कुछ वायरल वीडियो में कुछ लोग मोबाइल ऐप से चलते ई-रिक्शा की बैटरी बंद करते दिख रहे है, हालांकि ऐसा करना भारी पड़ सकता है, क्योंकि इससे सड़क पर खतरा बढ़ सकता है और ऐसा करने वालों को जुर्माना के साथ साथ सजा भी हो सकती है।

ई-रिक्शा कई ड्राइवरों के लिए सिर्फ गाड़ी नहीं, रोजी-रोटी का जरिया है। ऐसे में अगर चलती सड़क पर अचानक उनकी गाड़ी बंद हो जाए, तो यह मजाक नहीं, बड़ी परेशानी बन सकता है। सोशल मीडिया पर इन दिनों ऐसे कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें कुछ लोग प्रैंक के नाम पर मोबाइल ऐप से ई-रिक्शा की बैटरी बंद करते दिख रहे हैं।

अगर कोई ऐसा करे तो क्या सजा हो सकती है?
अगर कोई व्यक्ति बिना अनुमति किसी दूसरे के इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम में दखल देता है, उसे नुकसान पहुंचाता है या उसके काम में रुकावट पैदा करता है, तो उस पर भारत के इनफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एक्ट, 2000 के तहत कार्रवाई हो सकती है। इस कानून के सेक्शन 66 के तहत बिना अनुमति एक्सेस करने या सिस्टम में बाधा डालने पर तीन साल तक की जेल, ₹5 लाख तक का जुर्माना या दोनों हो सकते हैं।

यानी सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए किया गया ऐसा प्रैंक कानूनी मुसीबत में बदल सकता है। अगर इस वजह से किसी की गाड़ी बीच सड़क पर बंद होती है, हादसे का खतरा बनता है या ड्राइवर की कमाई पर असर पड़ता है, तो मामला और भी गंभीर हो सकता है।

चलती सड़क पर अचानक रुक रहे ई-रिक्शा
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिख रहा है कि कुछ लोग ई-रिक्शा के पास खड़े होकर मोबाइल ऐप से उसकी बैटरी बंद कर देते हैं। कई वीडियो में ई-रिक्शा भीड़ वाली सड़क के बीच अचानक रुक जाते हैं। इसके बाद ड्राइवर को गाड़ी धक्का देकर साइड में लगानी पड़ती है या फिर बार-बार स्टार्ट करने की कोशिश करनी पड़ती है।

कुछ वीडियो में ड्राइवर काफी परेशान दिखे, क्योंकि उन्हें समझ ही नहीं आ रहा था कि गाड़ी अचानक क्यों बंद हो गई। कई लोग इसे खराब ड्राइविंग करने वाले ई-रिक्शा ड्राइवरों से बदला बताकर शेयर कर रहे हैं, लेकिन इससे ऐसे ड्राइवर भी परेशान हो सकते हैं, जिनकी रोजी-रोटी इसी गाड़ी पर निर्भर है।

BAT-BMS ऐप कैसे जुड़ा इस मामले से
इस पूरे मामले में BAT-BMS नाम का ऐप चर्चा में है। यह एक बैटरी मैनेजमेंट ऐप है, जिसे चीन की कंपनी Shenzhen Grenergy Technology ने बनाया है। आम तौर पर इस ऐप का इस्तेमाल लिथियम बैटरी पैक से ब्लूटूथ के जरिए कनेक्ट करने के लिए किया जाता है।

Spread the love