May 12, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

21 साल की उम्र में IPS बने आदर्श ने बताया Success का सीक्रेट

IPS Success Story : भोपाल में बतौर DCP सेवा दे रहे आदर्श कांत शुक्ला ने यूपीएससी परीक्षा में बड़ी सफलता हासिल की थी. उन्होंने बिना किसी महंगी कोचिंग के घर पर ही पढ़ाई की और अपने पहले ही प्रयास में 149वीं रैंक हासिल कर IPS अफसर बने. उन्होंने यूपीएससी तैयारी के लिए कुछ खास टिप्स दिए हैं.

यूपीएससी (UPSC) को देश की सबसे कठिन परीक्षा माना जाता है. अक्सर लोगों के मन में यह धारणा होती है कि इसके लिए दिल्ली जाना ही एकमात्र विकल्प है. लोग मानते हैं कि ओल्ड राजिंदर नगर की महंगी कोचिंग में दाखिला लेकर ही सफलता मिल सकती है. लेकिन, बाराबंकी (यूपी) के रहने वाले आदर्श कांत शुक्ला ने इस सोच को बदल दिया है. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एंटी नक्सल ऑपरेशन में एडिशनल एसपी के तौर पर की. वर्तमान में वे भोपाल में डीसीपी (DCP) के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. आदर्श ने युवाओं को सफलता का खास मंत्र बताया, ताकि उनके कंफ्यूजन क्लियर हो सकें.

कम उम्र में हासिल की बड़ी कामयाबी
आदर्श कांत शुक्ला ने बेहद कम उम्र में और अपने पहले ही प्रयास में यूपीएससी परीक्षा क्रैक की थी. साल 2020 की परीक्षा में उन्होंने देशभर में 149वीं रैंक हासिल की और युवा आईपीएस (IPS) बन गए. आदर्श बाराबंकी जिले के रहने वाले हैं. उनकी सफलता इसलिए भी खास है क्योंकि जब वे आईपीएस बने, उनके पिता राधाकांत शुक्ला एक प्राइवेट फर्म में अकाउंटेंट के तौर पर कार्यरत थे. आदर्श बचपन से ही मेधावी छात्र रहे हैं. उन्होंने लखनऊ के नेशनल पीजी कॉलेज से अपनी बीएससी (BSc) की डिग्री पूरी की. इसके तुरंत बाद वे सिविल सेवा की तैयारी में जुट गए और सफलता प्राप्त की.

सेल्फ स्टडी और सिंपल स्ट्रैटेजी
आदर्श का मानना है कि सफलता के लिए कोचिंग से ज्यादा सेल्फ स्टडी जरूरी है. उनका कहना है कि आजकल बहुत से अभ्यर्थी घर पर रहकर पढ़ाई करना पसंद करते हैं. उनके अनुसार, तैयारी का सबसे बड़ा मूलमंत्र ‘डिस्ट्रैक्शन’ से बचना है. छात्रों को बाहरी शोर और सोशल मीडिया से दूरी बनाकर अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए.

8-10 घंटे की पढ़ाई पर्याप्त
अक्सर यूपीएससी की तैयारी के लिए 14 से 16 घंटे पढ़ने की सलाह दी जाती है. लेकिन आदर्श का नजरिया अलग है. उन्होंने बताया कि वे रोजाना केवल 8 से 10 घंटे ही पढ़ाई करते थे. उनके अनुसार, बहुत ज्यादा देर तक पढ़ने से थकान हो सकती है, जिससे पढ़ाई की निरंतरता (Consistency) बिगड़ सकती है. परीक्षा पास करने के लिए रूटीन में एकरूपता बनाए रखना बहुत जरूरी है.

तैयारी के लिए दिए जरूरी टिप्स

  • पिछले वर्षों के प्रश्न पत्रों (PYQs) को नियमित रूप से हल करें.
  • टॉपर्स द्वारा सुझाई गई प्रमाणिक किताबों पर ही भरोसा करें.
  • मेंस परीक्षा के लिए केवल उसी विषय का चुनाव करें, जिसमें आपकी वास्तविक रुचि हो.
  • रुचि के विषय का चयन करने से आप परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं और अधिक अंक प्राप्त कर सकते हैं.

(hindi.news18.com से साभार)

Spread the love