एयर इंडिया ने बताया कि फ्लाइट AI479 का क्रू एक मैन्यूवर विमान को मोड़ने या दिशा बदलने के समय अनजाने में पाकिस्तानी एयरस्पेस में चला गया। एयरलाइन ने बताया कि दिल्ली से अमृतसर (पंजाब) जा रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट 22 जून को अमृतसर एयरपोर्ट पर ‘गो-अराउंड मैन्यूवर’ करते समय कुछ देर के लिए पाकिस्तानी एयरस्पेस में चली गई थी।
मैन्यूवर के दौरान विमान पाकिस्तानी एयरस्पेस में दाखिल हुआ
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने पहले विमान को 13 DME पर होल्ड करने का निर्देश दिया था। हालांकि, विमान AAR (जिम्मेदारी का क्षेत्र) की ओर बढ़ता रहा, बाईं ओर मुड़ा और अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर गया, जिससे वह कुछ देर के लिए पाकिस्तानी एयरस्पेस में चला गया। मैन्यूवर के दौरान विमान ATC के निर्देशों का पालन करने में विफल रहा और बाद में सीमा पार कर गया।
संबंधित रेगुलेटरी अथॉरिटी को जानकारी दी गई
एयर इंडिया ने आगे बताया कि इस घटना की जानकारी संबंधित रेगुलेटरी अथॉरिटी को दे दी गई है और मामले की आंतरिक जांच चल रही है। एयरलाइन ने कहा, “घटना की सूचना रेगुलेटरी अथॉरिटी को दे दी गई है और आंतरिक जांच की जा रही है। एयर इंडिया के लिए यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सबसे अहम है।” एयर इंडिया ने उन हालात के बारे में और जानकारी नहीं दी जिनकी वजह से एयरस्पेस का उल्लंघन हुआ।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब पिछले साल 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम आतंकी हमले के बाद से भारत और पाकिस्तान ने एक-दूसरे के लिए अपने हवाई क्षेत्र बंद कर रखे हैं। बता दें, कि इससे पहले 12 जून को पाकिस्तानी एयरलाइन फ्लाई जिन्ना की एक फ्लाइट कुछ समय के लिए भारत के एरोस्पेस में घुस गई थी।
फ्लाइट नंबर 9P514 या FJL514 लाहौर से दुबई जा रही थी। खराब मौसम और खराब हालात से बचने के लिए एयरक्राफ्ट कुछ मिनट के लिए पंजाब इलाके के ऊपर इंडियन एयरस्पेस में घुसा था। इसके बाद इंडियन एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने इसे वापस उसके तय फ्लाइट पाथ पर भेज दिया।

Related Posts
मौसम : मुंबई में बारिश का रेड अलर्ट, दिल्ली समेत 18 राज्यों में बरसेंगे बादल
India-US Trade Deal जल्द होने की उम्मीद, 24 जुलाई से पहले लग सकती है अंतिम मुहर
मैकिन्से की रिपोर्ट : महंगा हो सकता है हवाई सफर, 25 फीसदी तक बढ़ोत्तरी संभव!