उड़ान डेस्क। भारत की तीसरी सबसे बड़ी आईटी सेवा प्रदाता एचसीएल टेक्नॉलजीज (एचसीएलटेक) ने घोषणा की कि वह ओडिशा सॉवरिन पार्क में अपना पहला एआई-ऑप्टिमाइज्ड डेटा सेंटर बनाएगी। भारत की फ्रंटियर मॉडल कंपनी ‘सर्वम’ और ओडिशा सरकार की साझेदारी में विकसित की जा रही इस परियोजना पर 14,257 करोड़ रुपये (लगभग 1.4 अरब डॉलर) का खर्च आएगा।
भारत में अपनी तरह की यह पहली परियोजना है जो सरकार, शोध संस्थानों, स्टार्टअप्स और कंपनियों को सुरक्षित, स्केलेबल और समावेशी डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराएगी। एआई डेटा सेंटर के साथ-साथ कंपनी राज्य में एक वैश्विक डिलिवरी सेंटर (जीडीसी) भी स्थापित करेगी, जिससे रोजगार के लगभग 5,000 अवसर पैदा होंगे। जीडीसी डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन सेवाओं के लिए एक डिलिवरी हब के तौर पर काम करेगा।
इस घोषणा के साथ एचसीएलटेक ने एआई इन्फ्रास्ट्रक्चर के व्यवसाय में औपचारिक रूप से कदम रखा है। उम्मीद है कि इससे एआई रिसर्च, मॉडल डेवलपमेंट और एंटरप्राइज डिप्लॉयमेंट के लिए हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध होगा जिससे भारत के सॉवरिन एआई इकोसिस्टम को मजबूती मिलेगी। यह घोषणा एचसीएलटेक द्वारा सर्वम में हाल में किए गए 15 करोड़ डॉलर के निवेश के बाद की गई है।
भारत की सबसे बड़ी आईटी सर्विस कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) ने भी डेटा सेंटर के क्षेत्र में कदम रखने की घोषणा की है और प्राइवेट इक्विटी कंपनी टीपीजी से 1 अरब डॉलर जुटाए हैं।
यह डेटा सेंटर एचसीएलटेक की फुल-स्टैक एआई क्षमताओं और सर्वम के स्वदेशी एआई फाउंडेशन मॉडल का इस्तेमाल करेगा और सरकारी के साथ-साथ प्राइवेट कंपनियों को सेक्टर की खास एआई एप्लिकेशन उपलब्ध कराएगा। इससे भारत की सॉवरिन एआई इन्फ्रास्ट्रक्चर की बढ़ती जरूरत भी पूरी होगी।
यह सेंटर अंतिम स्तर तक कई भाषाओं वाली एआई-आधारित सेवा पहुंचाने में भी योगदान देगा। एचसीएलटेक के सीईओ और एमडी सी विजयकुमार ने इस परियोजना को कंपनी की फुल-स्टैक एआई रणनीति में एक अहम पड़ाव बताया।
उन्होंने कहा, ‘यह परियोजना हमारे फुल-स्टैक एआई बिजनेस में अहम पड़ाव है। इससे हम सॉवरिन एआई सॉल्युशंस की बड़ी मांग को पूरा कर पाएंगे और सर्वम के साथ अपनी महत्त्वपूर्ण भागीदारी को बड़े स्तर पर ले जा पाएंगे। ओडिशा में बेहतर इन्फ्रास्ट्रक्चर के साथ-साथ प्रगतिशील नीतिगत माहौल है और हम सर्वम के सहयोग से राज्य के साथ काम करने के लिए उत्साहित हैं।’

Related Posts
विप्रो का बड़ा ऐलान : 2 बड़े ब्रांड खरीदेगी कंपनी, होम और पर्सनल केयर कारोबार होगा और मजबूत
एविएशन सेक्टर में बड़े बदलाव की तैयारी, नई एयरलाइन कंपनियों की एंट्री होगी आसान
भारत में विंड एनर्जी की इंस्टॉल्ड क्षमता 57,443 मेगावाट पहुंची, 106 अरब यूनिट बिजली का उत्पादन हुआ : सरकार