July 27, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

EPFO का नया प्रोजेक्ट : बिना क्लेम किए सीधे बैंक अकाउंट में आएगा निष्क्रिय PF खातों का पैसा

Udaan Desk. अगर आपका कोई पुराना PF खाता है, जिसमें आपके कुछ पैसे हैं और आपने ऐसे खाते के लिए लंबे समय से कोई दावा नहीं किया है तो अब आपके लिए एक खुशखबरी है. दरअसल, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन यानी EPFO अब एक ऐसी व्यवस्था तैयार कर रहा है, जिसके तहत छोटे अमाउंट वाले निष्क्रिय PF खातों का पैसा बिना किसी आवेदन के सीधे खाताधारकों के बैंक खाते में भेज दिया जाएगा. इस पहल की शुरुआत पायलट प्रोजेक्ट के रूप में की गई है और शुरुआती चरण में बड़ी संख्या में खातों का सत्यापन भी पूरा हो चुका है.

बैंक अकाउंट में सीधे आएगा निष्क्रिय PF खातों का पैसा
EPFO ने पायलट प्रोजेक्ट के तहत, अब तक 1.18 लाख निष्क्रिय PF खातों की पहचान और सत्यापन कर लिया है. इन खातों को संबंधित सदस्यों के सक्रिय बैंक खातों से जोड़ा गया है जिससे भविष्य में पैसा सीधे ट्रांसफर किया जा सके. यह पूरी प्रक्रिया उन खातों के लिए शुरू की गई है जिनमें लंबे समय से कोई लेनदेन नहीं हुआ और राशि अभी तक क्लेम नहीं की गई है.

बता दें कि फिलहाल यह पायलट प्रोजेक्ट उन 7.11 लाख निष्क्रिय PF खातों पर लागू किया गया है, जिनमें 1000 रुपये या उससे कम की राशि जमा है. इन खातों में कुल मिलाकर 30.52 करोड़ रुपये की रकम लंबे समय से बिना दावे के पड़ी हुई है. सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि पात्र खाताधारकों को कोई क्लेम फॉर्म भरने या आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी. उनके खाते में अपने आप पूरा पैसा ब्याज सहित भेज दिया जाएगा.

इस योजना को लागू करने के लिए EPFO अपने तकनीकी सिस्टम में बड़े बदलाव कर रहा है. इसके लिए सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ एडवांस्ड कंप्यूटिंग (C-DAC) को नई तकनीक विकसित करने की जिम्मेदारी दी गई है. अभी तक यह राशि केवल उन्हीं लोगों को मिलती था, जो इसके लिए क्लेम या आवेदन करते थे लेकिन EPFO अब सिस्टम जनरेटेड क्लेम की सुविधा पर काम कर रहा है यानी पात्र सदस्य को कोई प्रक्रिया पूरी नहीं करनी होगी और सिस्टम खुद भुगतान शुरू कर देगा.

श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अनुसार, तकनीकी काम अगस्त के आखिर तक पूरा होने की उम्मीद है. इसके बाद इस पायलट प्रोजेक्ट के तहत पात्र खाताधारकों के बैंक खातों में पैसा भेजने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है. अगर यह योजना सफल रहती है, तो इसे उन 24.76 लाख अन्य निष्क्रिय खातों तक भी बढ़ाया जाएगा, जिनमें 1000 रुपये से अधिक की राशि जमा है.

EPFO के पास 10,903 करोड़ की राशि अनक्लेम्ड
EPFO के रिकॉर्ड के अनुसार, पिछले करीब दो दशकों में 31.86 लाख निष्क्रिय PF खातों में लगभग 10,903 करोड़ रुपये की राशि बिना क्लेम किए पड़ी हुई है. सरकार का उद्देश्य इस नई व्यवस्था के जरिए ऐसे खाताधारकों तक उनका पैसा आसानी से पहुंचाना है, जिससे उन्हें लंबी कागजी प्रक्रिया या बार-बार कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें.

Spread the love