उड़ान डेस्क। देशभर में प्याज की कीमतें तेजी से बढ़ रही है. ऐसे में कीमतों को काबू में रखने के लिए केंद्र सरकार सोमवार से अपने बफर स्टॉक का प्याज बाजार में उतार दिया है. इसके लिए नासिक से देश के उन बड़े शहरों तक प्याज पहुंचाया जाएगा, जहां इसकी कीमत राष्ट्रीय औसत से काफी ज्यादा है. सरकार ने इसके लिए कांदा एक्सप्रेस चलाने की तैयारी की है. बता दें कि नासिक से चलने वाली ये ट्रेनें दिल्ली, चेन्नई, कोच्चि और गुवाहाटी जैसे शहरों तक प्याज पहुंचाएंगी.
सरकार का कहना है कि प्याज का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और जरूरत के हिसाब से चरणबद्ध तरीके से प्याज बाजार में उतारा जाएगा.
प्याज की बढ़ती कीमतें
देशभर में प्याज की कीमतें बढ़ रही हैं. इस बात का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि शनिवार को देश में प्याज की औसत खुदरा कीमत करीब 42 रुपये प्रति किलो पहुंच गई थी. यह पिछले साल की तुलना में लगभग 45 प्रतिशत ज्यादा है. वहीं पिछले महीने के मुकाबले भी प्याज करीब 19 प्रतिशत महंगा हुआ है.
बड़े शहरों में स्थिति और ज्यादा चिंता बढ़ाने वाली है. दिल्ली में शनिवार को प्याज 65 रुपये किलो तक बिका जबकि एक साल पहले इसकी कीमत करीब 35 रुपये किलो थी. चेन्नई में भी प्याज की कीमत 58 रुपये किलो रही, जो पिछले साल 33 रुपये किलो थी. केरल और असम के कुछ हिस्सों में भी प्याज महंगी बिक रही है.
प्याज की कीमतों में अचानक तेजी को रोकने के लिए सरकार अपने पास रखे प्याज के भंडार का इस्तेमाल करेगी. अधिकारियों के अनुसार, बाजार में प्याज की सप्लाई एक साथ बढ़ाने के बजाय जरूरत के हिसाब से धीरे-धीरे की जाएगी. सरकार को आशंका है कि कुछ कारोबारी प्याज की कीमतों में बढ़ोतरी कर सकते हैं. ऐसे में बफर स्टॉक बाजार में उतारकर सप्लाई बढ़ाने की कोशिश की जा रही है. सरकार का कहना है कि आने वाले महीनों की मांग पूरी करने के लिए पर्याप्त प्याज उपलब्ध है.
प्याज की कीमत बढ़ने का कारण
प्याज की कीमत बढ़ने की एक बड़ी वजह महाराष्ट्र में खरीफ प्याज का कम उत्पादन माना जा रहा है. महाराष्ट्र देश का सबसे बड़ा प्याज उत्पादक राज्य है. बाजार से जुड़े लोगों के अनुसार, राज्य में खरीफ प्याज का उत्पादन करीब 5 से 7 प्रतिशत घटने की खबरों ने कीमतों पर दबाव बढ़ाया है. हालांकि, सरकार के अनुमान के मुताबिक साल 2025-26 फसल वर्ष में देश का कुल प्याज उत्पादन करीब 307 लाख टन रह सकता है. यह आंकड़ा 2024-25 में हुए उत्पादन के लगभग बराबर है.

Related Posts
मध्यप्रदेश के शिवपुरी में हैरतअंगेज मामला : झरने में नहाने के बाद चार बच्चों की रहस्यमयी मौत
प्रयागराज में बाढ़ का रेड अलर्ट, गंगा-यमुना के उफान से रिहायशी इलाकों में घुसा पानी
आंध्र प्रदेश में मलेरिया की दवा से एक लड़की की मौत, 47 अन्य बच्चे बीमार