September 3, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

भारत विश्‍व में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था : निर्मला सीतारामन

वित्‍त मंत्री निर्मला सीतारामन ने टोरंटो में भारतीय कारोबारी समुदाय के प्रमुख सदस्‍यों को संबोधित किया

Udaan Desk. भारत विश्‍व में सबसे तेजी से बढती प्रमुख अर्थव्यवस्था है और यहां व्यापक अवसर, निरंतर वृद्धि, युवा आबादी, बढ़ती खपत तथा तेजी से विकसित हो रहे पूंजी बाजारों का अनूठा संयोजन निवेश के मजबूत अवसर प्रदान करता है। यह बात वित्‍त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कनाडा के टोरंटो में बुधवार को भारतीय कारोबारी समुदाय के प्रमुख सदस्‍यों को संबोधित करते कही। श्रीमती सीतारामन ने कहा कि भारत में परिवर्तन संरचनात्‍मक है और तेजी से होते शहरीकरण, बढते मध्‍यम वर्ग और विश्‍वस्‍तरीय डिजिटल बुनियादी ढांचे का इसमें अहम योगदान है। उन्‍होंने कहा कि इससे अर्थव्‍यवस्‍था के हर क्षेत्र में नए अवसर सृजित हो रहे हैं। वित्‍त मंत्री ने कहा कि देश के डिजिटल बुनियादी ढांचे ने वित्तीय और वाणिज्यिक सेवाओं तक पहुंच का दायरा बढ़ाया है।

वित्त मंत्री ने कहा कि भारत में कनाडा के बैंकों, वित्तीय प्रौद्योगिकी कंपनियों और नियामकों के साथ न केवल भुगतान के क्षेत्र में बल्कि अगली पीढ़ी के डिजिटल वित्तीय बुनियादी ढांचे को आकार देने में भी सहयोग के महत्वपूर्ण अवसर मौजूद हैं। भारत-कनाडा आर्थिक साझेदारी के बढ़ते महत्व का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कनाडा में भारतीय प्रवासी दोनों देशों के बीच एक रणनीतिक सेतु हैं।  भारत-कनाडा द्विपक्षीय संबंधों में हाल के समय में उल्लेखनीय बदलाव आया है। इसमें साझा लोकतांत्रिक तथा बहुलतावादी मूल्यों, बढ़ते आर्थिक जुड़ाव, उच्चस्तरीय संवाद और दोनों देशों के लोगों के बीच मजबूत संबंधों का योगदान है।

उन्होंने जून 2025 में जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के बीच द्विपक्षीय संबंधों को नए सिरे से मजबूत करने को लेकर बनी सहमति का उल्‍लेख करते हुए कहा कि दोनों देशों ने भविष्य-केंद्रित रणनीतिक साझेदारी को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।

गौरतलब है कि, श्रीमती सीतारामनामन चार दिवसीय यात्रा पर कल टोरंटो पहुंची हैं। इसका उद्देश्‍य द्विपक्षीय व्‍यापार, निवेश और वित्‍तीय सहयोग को मज़बूत करना है।

Spread the love