September 3, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

Jharkhand Protest: छात्रों ने CM आवास घेरने का किया ऐलान, मांगा CM सोरेन का इस्तीफा

उड़ान डेस्क। झारखंड में परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ जारी आंदोलन के बीच प्रदर्शनकारी छात्रों ने बड़ा ऐलान किया है। छात्रों के संगठन जेपीएससी-जेएसएसी रिफॉर्म्स मंच ने घोषणा की है कि 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा। प्रदर्शनकारी छात्रों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे की भी मांग की है।

छात्रों ने कांग्रेस और झामुमो यानी झारखंड मुक्ति मोर्चा पर आंदोलन को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यदि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उनकी मांगों को स्वीकार नहीं करते हैं, तो कांग्रेस को झामुमो के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार से अपना समर्थन वापस ले लेना चाहिए।

20 अगस्त को CM आवास घेराव
छात्र संगठनों ने साफ किया है कि 20 अगस्त को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास के घेराव के जरिए सरकार के सामने अपनी मांगें मजबूती से रखी जाएंगी। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि परीक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं को लेकर सरकार को जल्द ठोस कदम उठाने चाहिए।

हेमंत सोरेन से मांगा इस्तीफा
छात्रों ने कांग्रेस और झामुमो पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से तत्काल इस्तीफे की मांग की। भर्ती परीक्षा प्रक्रिया में सुधार की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन 22वें दिन भी जारी रहा। आंदोलनरत छात्रों ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को रांची की सड़कों पर तिरंगा मार्च निकाला। हाथों में तिरंगा लेकर छात्रों ने देशभक्ति गीतों के साथ मार्च किया और परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी की CBI जांच की मांग दोहराई।

देवेंद्र महतो का आरोप
झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के नेता देवेंद्र नाथ महतो ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें तिरंगा यात्रा में शामिल होने से रोक दिया। उनका कहना है कि पुलिस ने उन्हें सदर अस्पताल से बाहर नहीं निकलने दिया। बता दें कि देवेंद्र नाथ महतो पिछले 14 दिनों से भूख हड़ताल पर हैं।

वहीं, JPSC-JPSSC रिफॉर्म मंच ने कहा कि स्वतंत्रता का मतलब केवल अंग्रेजों से आजादी हासिल करना नहीं है, बल्कि अवसरों की असमानता, भ्रष्टाचार और अन्याय से भी मुक्ति जरूरी है। मंच ने युवाओं से अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने की अपील करते हुए कहा कि यही लोकतंत्र की वास्तविक ताकत है।

राज्यपाल बोले सरकार उठाए सख्त कदम

इस बीच झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने भी भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दुमका पुलिस लाइंस में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भर्ती परीक्षाओं में धांधली और अनियमितताएं किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जा सकतीं।

Spread the love