April 29, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने किया 52 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का श्रीगणेश

  • विकासकार्यों में बाधा डालने वालों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई, निर्माणकार्यों की होगी सतत मॉनिटरिंग: राज्यमंत्री श्रीमती गौर

भोपाल। पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने बुधवार को गोविंदपुरा क्षेत्र में 52 करोड़ रुपए की लागत से होने वाले डामरीकरण और स्ट्रीट लाइट के कार्यों का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर श्रीमती गौर ने क्षेत्र के विकास को लेकर अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि गोविंदपुरा विधानसभा के विकास के लिए सरकार ने पूरी तरह से पर्याप्त निधि का प्रावधान किया है और विकास कार्यों में धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। श्रीमती गौर ने बताया कि अरविंद विहार कॉलोनी में 34 करोड़ 84 लाख रुपये की लागत से 9 किलोमीटर आंतरिक मार्ग का डामरीकरण और स्ट्रीट लाइट का कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही बागमुगालिया एक्सटेंशन कॉलोनी में 5 किलोमीटर के आंतरिक मार्गों का डामरीकरण और स्ट्रीट लाइट निर्माण किया जाएगा। जिसमें करीब 17 करोड़ 52 लाख रुपए की लागत आएगी।

राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने कहा कि गोविंदपुरा क्षेत्र में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिससे नागरिकों को बेहतर जीवन की सुविधा मिल रही है। यह कार्य न केवल सड़कों के निर्माण के लिए हैं, बल्कि क्षेत्र के सौंदर्यीकरण और सुरक्षा को बढ़ाने के लिए भी हैं। राज्यमंत्री ने स्पष्ट तौर पर कहा कि विकास कार्यों के दौरान आने वाले किसी भी तरह के अतिक्रमण को हटाया जाएगा। उन्होंने बताया कि कई बार कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा विकास कार्यों में व्यवधान डालने की कोशिश की जाती है, लेकिन यह कार्य जनता की सुविधा के लिए किए जा रहे हैं। ऐसे तत्वों के खिलाफ प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा, ताकि विकास कार्य बिना किसी रुकावट के समय पर पूरे हो सकें।

श्रीमती गौर ने कहा कि गोविंदपुरा क्षेत्र में विकास कार्यों की गति को और तेज किया जाएगा। सड़कों के डामरीकरण से जहां क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था बेहतर होगी, वहीं स्ट्रीट लाइटें सुरक्षा की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण साबित होंगी। उन्होंने यह भी बताया कि नगर निगम और प्रशासन के अधिकारियों के साथ मिलकर क्षेत्र में शुद्ध पेयजल, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाओं को भी प्राथमिकता दी जाएगी। इस भूमिपूजन कार्यक्रम में श्रीमती अर्चना परमार, श्रीमती शीला पाटीदार, प्रताप सिंह बैस, जितेंद्र शुक्ला, प्रताप वारे, नीरज सिंह, केवल मिश्रा और नारायण सिंह परमार आदि गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Spread the love