August 6, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

केवल E-20 पेट्रोल ही उपलब्ध, रसीद पर एथनॉल प्रतिशत दिखाना जरूरी नहीं : नितिन गडकरी

उड़ान डेस्क। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने लोकसभा में लिखित जवाब में कहा कि पेट्रोल पर एथनॉल सम्मिश्रण के स्तर का ग्राहकों की रसीदों और पेट्रोल पंपों पर अलग से उल्लेख करना आवश्यक नहीं समझा गया, क्योंकि पूरे देश में केवल 20 प्रतिशत एथनॉल मिश्रित पेट्रोल (ई-20) ही उपलब्ध था।

गडकरी ने कहा, ‘सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) ने सूचित किया है कि वर्तमान में उनके पेट्रोल पंपों पर पूरे देश में बिकने वाला सामान्य पेट्रोल ई-20 है। चूंकि ई-0 या ई-10 पेट्रोल को पेट्रोल पंपों पर नहीं बेचा जा रहा है, इसलिए कम एथनॉल वाले पेट्रोल के अलग प्रदर्शन या ग्राहक रसीदों पर एथनॉल प्रतिशत का उल्लेख करना आवश्यक नहीं माना गया है।’ मंत्री ने कहा कि पेट्रोल पंप ई-85 पेट्रोल (15 प्रतिशत पेट्रोल के साथ 85 प्रतिशत एथनॉल) का प्रमुखता से उल्लेख करते हैं।

जून में केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने ई-85 ईंधन लॉन्च किया था, जिसका उपयोग केवल फ्लेक्स फ्यूल वाहनों (एफएफवी) में किया जा सकता है। ग्राहक पेट्रोल में एथनॉल मिलाने की व्यापक रूप से आलोचना कर रहे हैं, क्योंकि पुराने मॉडल के वाहन में इसकी वजह से पुर्जों में तेज घिसाव के साथ गाड़ी का एवरेज कम हो सकता है और उनके मरम्मत की लागत बढ़ सकती है।

Spread the love