September 3, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

चमोली सुरंग हादसे में सात मजदूरों की मौत, कई घायल, रेस्क्यू जारी

उड़ान डेस्क। उत्तराखंड के चमोली जिले के पिपलकोटी में टिहरी जल विकास निगम लिमिटेड (THDC) की निर्माणाधीन सुरंग में पानी और मलबा घुसने से बड़ा हादसा हो गया. हादसे के समय सुरंग के अंदर कई मजदूर काम कर रहे थे. बचाव दल ने कई मजदूरों को बाहर निकालकर गोपेश्वर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां सात लोगों को मृत घोषित कर दिया गया.

अस्पताल पहुंचाए गए मजदूर, कई का इलाज जारी
डॉ. आयुष ने बताया कि टीएचडीसी परियोजना से बचाए गए मजदूरों को अस्पताल लाया गया. इनमें सात लोगों को मृत घोषित किया गया, जबकि कई मजदूरों की हालत स्थिर बताई गई है. कुछ मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कर इलाज दिया जा रहा है. एक मजदूर की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर स्थित बेस अस्पताल रेफर किया गया है.

सुरंग में तेजी से बढ़ा पानी
एनडीआरएफ टीम कमांडर अमृत लाल मीना ने बताया कि बचाव दल जब मौके पर पहुंचा, तब सुरंग के अंदर काफी मात्रा में पानी भर चुका था. सुरंग की दीवारों और किनारों से भी लगातार पानी रिस रहा था, जिससे बचाव अभियान में मुश्किलें आईं. उन्होंने बताया कि समय बीतने के साथ सुरंग के अंदर पानी का स्तर और बढ़ गया. एनडीआरएफ के जवान विशेष उपकरणों की मदद से अंदर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया.

एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर
सुरंग में फंसे अन्य मजदूरों की तलाश के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें लगातार अभियान चला रही हैं. बचाव कर्मी पानी और मलबे के बीच सुरंग के अंदर पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं. अधिकारियों के मुताबिक, अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक सुरंग के अंदर मौजूद सभी मजदूरों का पता नहीं चल जाता.

हादसे के समय अंदर थे करीब 20 से 22 मजदूर
टीएचडीसी के कार्यकारी निदेशक (परियोजनाएं) कुमार शरद ने बताया कि हादसे के समय सुरंग के अंदर करीब 20 से 22 मजदूर मौजूद थे. उन्होंने कहा कि हादसे की जानकारी मिलने के तुरंत बाद राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया.

एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को मौके पर तैनात किया गया और फंसे मजदूरों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया. बचाए गए मजदूरों में कुछ की हालत गंभीर बताई गई है. प्रशासन और बचाव एजेंसियां फिलहाल सुरंग के अंदर फंसे बाकी लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं.

Spread the love