Tamil Nadu Election Results 2026 : तमिलनाडु की पॉलिटिक्स ने आज इतिहास रच दिया है, जिसकी कल्पना शायद किसी ने नहीं की थी। दरअसल, जब राज्य की 234 विधानसभा सीटों पर काउंटिंग शुरू हुई तो रुझानों ने सबको चौंका दिया है। तमिल सुपरस्टार विजय की पार्टी ‘तमिलगा वेत्री कड़गम’ (TVK) ने राज्य की दोनों दिग्गज पार्टियों DMK और AIADMK को जड़ से हिला दिया है। अभिनेता से बने राजनेता विजय की पार्टी शानदार जीत की ओर बढ़ रही है। इस पॉलिटिकल उलटफेर का सीधा असर आज दलाल स्ट्रीट पर भी दिखा। आज के कारोबार में सन टीवी नेटवर्क के शेयरों में भारी गिरावट दर्ज की गई। चेन्नई की सड़कों से लेकर शेयर बाजार के गलियारों तक, आज सिर्फ एक ही चर्चा है कि क्या विजय तमिलनाडु के अगले ‘थलापति’ बनने जा रहे हैं?
ऐतिहासिक जीत की ओर ‘थलापति’
शाम 3:30 बजे तक टीवीके (TVK) 105 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि मुख्य विपक्षी दल AIADMK 55 और सत्ताधारी DMK मात्र 74 सीटों पर सिमटती नजर आ रही है। यह आंकड़ा इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के ‘द्रविड़ियन मॉडल’ को लेकर किए गए तमाम दावों और एग्जिट पोल्स के अनुमानों के विपरीत जनता का जनादेश कुछ और ही कहानी बयां कर रहा है। विजय की यह बढ़त 1967 में सी.एन. अन्नादुरै और 1977 में एम.जी. रामचंद्रन की ऐतिहासिक जीत की याद दिला रही है, जिन्होंने तमिलनाडु की राजनीति की दिशा बदल दी थी।
विजय की जीत से इस कंपनी के शेयरों में भारी गिरावट
तमिलनाडु में इस उठापठक के बीच शेयर बाजार में सन टीवी नेटवर्क के निवेशकों को भारी नुकसान झेलना पड़ा है। दरअसल, कलानिधि मारन द्वारा स्थापित यह कंपनी ऐतिहासिक रूप से DMK के करीब रही है। जैसे ही चुनाव आयोग के आंकड़ों में DMK के पिछड़ने की खबर आई, सन टीवी के शेयर 10% तक टूटकर 548.10 रुपये पर आ गए। अगस्त 2024 के बाद यह इस शेयर की सबसे बड़ी इंट्राडे गिरावट है। बाजार के जानकारों का मानना है कि सत्ता परिवर्तन की आहट ने निवेशकों के बीच डर पैदा कर दिया है। हालांकि, शेयरों ने 5.38% की गिरावट के साथ 573 रुपये के भाव पर क्लोजिंग दी है।

Related Posts
राम मंदिर दान चोरी मामला : 79 लाख बरामद, 8 आरोपियों को जेल
‘ऑपरेशन सिंदूर’ : सरकार ने सार्वजनिक किए शहीदों के नाम, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर होंगे अमर
नई चिंता: यदि कमजोर रहा मानसून तो महंगी हो जाएंगी खाने पीने की चीजें, जानें कितना पड़ेगा असर?