चंडीगढ़.
ओलिंपियन और भारतीय कुश्ती की स्टार पहलवान विनेश फोगाट ने भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया है। सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए विनेश ने कहा कि बृजभूषण के खिलाफ जो मामला अदालत में विचाराधीन है, उन 6 पीड़ितों में से एक मैं भी हूं।
उन्होंने आगामी टूर्नामेंट के आयोजन स्थल पर सवाल उठाते हुए केंद्र सरकार को भी निशाने पर लिया है। पहलवान विनेश फोगाट ने यह बयान उस समय दिया जब देश में खिलाड़ियों की सुरक्षा और कुश्ती संघ से जुड़े विवादों को लेकर चर्चा जारी है। उन्होंने कहा कि महिला खिलाड़ियों को सुरक्षित माहौल मिलना चाहिए, लेकिन उनके अनुभव इसके विपरीत रहे हैं। उन्होंने कहा कि यूपी के गोंडा में 10 से 12 मई के बीच सीनियर ओपन रैंकिंग कुश्ती टूर्नामेंट हो रहा है। मैं और मेरी टीम कॉम्पिटीशन लड़ेगी, अगर किसी के साथ कुछ गलत होता है तो इसकी जिम्मेदारी भारत सरकार की होगी।
अगर मेरे साथ गलत हुआ तो जिम्मेदार भारत सरकार होगी
उत्तर प्रदेश के गोंडा में आयोजित होने वाले 'सीनियर ओपन रैंकिंग कुश्ती टूर्नामेंट' पर आपत्ति जताते हुए विनेश ने कहा कि वह स्थान बृजभूषण का गढ़ है। वहां उनका निजी कॉलेज है और पूरा इलाका उनके प्रभाव में है। विनेश ने आशंका जताई कि ऐसे माहौल में उनके लिए निष्पक्ष रूप से मुकाबला करना असंभव होगा। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति ने हमारा शोषण किया, उसके घर में जाकर कुश्ती लड़ना किसी भी महिला खिलाड़ी के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से डरावना अनुभव है। वहां मेरे साथ कुछ भी गलत हुआ, तो इसकी सीधी जिम्मेदार भारत सरकार होगी।

Related Posts
आदर्श नगर के रूप में विकसित होगा अयोध्या नगर : राज्यमंत्री श्रीमती गौर
बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर का असर, मध्य, पूर्वी और दक्षिण भारत में तेज बारिश का अलर्ट
जन-आकांक्षाओं की पूर्ति सरकार की प्रतिबद्धता : राज्यमंत्री कृष्णा गौर