-
- अजीब आयोजन : नगर पालिका ने जलवाए अलाव, शिक्षा विभाग ने कूलर किराए पर फूंक दिए डेढ़ लाख
• मेहमानों के लिए कार्पेट 2.34 लाख और सोफे के किराए पर हो गए 59 हजार
- अजीब आयोजन : नगर पालिका ने जलवाए अलाव, शिक्षा विभाग ने कूलर किराए पर फूंक दिए डेढ़ लाख
खान अशु, भोपाल। माल-ए-गनीमत, दिल फरियाद, की परम्परा नरसिंहपुर जिले का शिक्षा विभाग निभा रहा है। सरकारी खजाने को दोनों हाथों से लुटाते हुए विभाग ने चार दिन के खेल आयोजन के लिए महज टेंट किराए पर 38 लाख रुपए खर्च कर दिए हैं। खर्च करने के हालात यह हैं कि नवंबर माह की सर्दी के मौसम में उसने कूलर किराए पर डेढ़ लाख रुपए उड़ा दिए हैं। मेहमानों के कदम रखने के लिए बिछाए गए कार्पेट और बैठने के लिए रखे गए सोफे भी बड़ा किराया लेकर यहां से उठे हैं।
सूत्रों का कहना है कि मप्र खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने नवम्बर 2025 में प्रदेश के विभिन्न जिलों में खेल महोत्सव आयोजित किया था। इस दौरान नरसिंहपुर जिला मुख्यालय पर भी 4 दिवसीय आयोजन हुआ। जिला शिक्षा विभाग ने संभाली इस जिम्मेदारी के दौरान किया गया खर्च चौंकाने वाला कहा जा सकता है। नवम्बर माह में जब कड़ाके की सर्दी के हालात थे, इससे बचने के लिए नगर पालिका ने कार्यक्रम स्थल पर अलाव जलाने का प्रबंध किया था, ऐसे में शिक्षा विभाग ने पारित किए टेंट हाउस के बिल में कूलर किराया भी शामिल किया है। आयोजन के दौरान 40 कूलर का 900 रुपए प्रति कूलर किराया अदा किया गया है, जिसकी कुल राशि एक लाख 44 हजार रुपए दर्शाई गई है। सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत प्राप्त की गई जानकारी में बाबा टेंट हाउस, कंदेली, नरसिंहपुर का यह बिल प्राप्त हुआ है।

चंद पल के मेहमान, खर्च बड़ा
आयोजन के दौरान आने वाले मेहमानों के लिए शिक्षा विभाग ने शाही इंतजाम किए थे। बिल के मुताबिक महज मेहमानों के कदम रखने के लिए कार्पेट पर ही 2 लाख रुपए से ज्यादा खर्च हुआ है, जबकि मेहमानों के लिए सोफे का किराया 59 हजार रुपए अदा किया गया है।
बिल में दोहराव भी कई
बाबा टेंट हाउस कंदेली नरसिंहपुर द्वारा प्रस्तुत किए गए कुल 38 लाख, 88 हजार, 932 रुपए के बिल में कई आइटम्स और उनकी राशि का दोहराव भी किया गया है। जिससे बिल की राशि में बढ़ोतरी हुई है। इस बिल में सरकारी नियमानुसार जीएसटी आदि की भी वसूली की गई है।
इतनी राशि में हो जाती खरीद
नेशनल एनजीओ नया कारवां के फाउंडर मोहम्मद तारिक का कहना है कि कूलर, कार्पेट, सोफा आदि के लिए शिक्षा विभाग ने जितना किराया अदा किया है, उससे कम राशि में विभाग इन सामान की खरीदी कर सकता था। जिसका उपयोग भविष्य के आयोजन में किया जा सकता था।
इनका कहना
मेरी जानकारी में मामला आएगा तो इस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी तरह का भ्रष्टाचार कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विश्वास सारंग, मंत्री, खेल एवं युवा कल्याण

Related Posts
झाड़-फूंक के नाम पर महिला को 10 दिन तक खंभे से बांधे रखा, इलाज न मिलने से मौत; पति-तांत्रिक समेत 3 गिरफ्तार
उदयनिधि के बचाव में उतरे एमके स्टालिन, मुख्यमंत्री विजय को ‘नाकाबिल’ मंत्रिमंडल को ‘जोकर’ बताया
राम मंदिर विवाद पर योगी का पलटवार, बोले- ये वो लोग हैं, जिन्होंने अयोध्या की गलियों को खून से लाल किया