उड़ान डेस्क। असम में बाढ़ के कारण हालात गंभीर बने हुए हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के मुताबिक, राज्य के 6 जिलों में 6.55 लाख से अधिक लोग बाढ़ की चपेट में हैं। बीते 24 घंटों में 4 और लोगों की मौत दर्ज की गई है, जिससे इस साल बाढ़ से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 66 हो गई है। शिवसागर जिला बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित है, जहां करीब 2.90 लाख लोग संकट का सामना कर रहे हैं। इसके बाद चराईदेव और जोरहाट भी काफी प्रभावित हुए हैं।
पूरे राज्य में करीब 810 गांव जलमग्न हैं और लगभग 34,971 हेक्टेयर में फैली फसल पूरी तरह तबाह हो गई है। प्रभावित इलाकों में सड़कों और पुलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। राज्य सरकार ने 274 राहत शिविर और राहत सामग्री केंद्र बनाए हैं, जहां 18,902 से अधिक लोग शरण लिए हुए हैं। दिखाओ और धनसिरी नदियां अभी भी कई जगहों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, केवल दिल्ली ही नहीं बल्कि उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों में अगले हफ्ते तक झमाझम बारिश का सिलसिला बना रहेगा। हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में मानसून सक्रिय है। जम्मू-कश्मीर में हफ्ते भर भारी बारिश का अनुमान जताया गया है, जबकि पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में तेज बौछारें पड़ने की संभावना है।
कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
इसके साथ ही मध्य भारत में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ, जबकि पूर्वी भारत में पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा और बिहार में भारी बारिश का अलर्ट है। पश्चिम और दक्षिण भारत के राज्यों जैसे महाराष्ट्र, गुजरात, गोवा, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और तमिलनाडु में भी हफ्ते के शुरुआती दिनों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।

Related Posts
छात्र बनकर आए और मचाया बवाल : कोलकाता हिंसा मामले में 11 गिरफ्तार, 70 की पहचान, जानें कौन हैं असली गुनहगार
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर ब्रजेश पाठक का बड़ा बयान : ‘पद छोड़ना ही युवाओं के प्रति समर्पण का सबूत’
दिल्ली के यात्रियों को मिली बड़ी राहत : सामान्य हुई दिल्ली मेट्रो, सभी स्टेशन खुले