May 17, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

जोसेफ विजय बने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री, 58 साल बाद टूटा DMK-AIADMK का दबदबा

TN CM Oath Ceremony : तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के संस्थापक सी जोसेफ विजय ने रविवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसके साथ ही राज्य की राजनीति में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला, क्योंकि 1967 के बाद पहली बार DMK और AIADMK गठबंधन से बाहर की किसी पार्टी ने सत्ता संभाली है।

चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने विजय को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर कई वरिष्ठ राजनीतिक नेता मौजूद रहे। कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए।

9 सदस्यीय मंत्रिमंडल ने भी ली शपथ
मुख्यमंत्री विजय के साथ नौ मंत्रियों ने भी शपथ ली। राजभवन की ओर से जारी बयान में कहा गया कि मुख्यमंत्री पद के लिए नामित सी जोसेफ विजय ने नौ लोगों को मंत्री नियुक्त करने की सिफारिश की थी, जिसे राज्यपाल ने मंजूरी दे दी।

समारोह से पहले बढ़ाई गई सुरक्षा
शपथ ग्रहण समारोह को देखते हुए चेन्नई में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। बड़ी संख्या में TVK समर्थक भी समारोह में पहुंचे।

तमिलनाडु में विजय सरकार का गठन, नौ मंत्री लेंगे शपथ
तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। अभिनेता से नेता बने Vijay पहली बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। उनकी पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम यानी TVK ने हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए 108 सीटों पर जीत दर्ज की।

विजय के पहले मंत्रिमंडल में कुल नौ मंत्री शामिल होंगे। शपथ लेने वाले नेताओं में ‘बुसी’ एन आनंद, आधारव अर्जुना, के ए सेंगोट्टैयन, के जी अरुणराज, पी वेंकटरामनन, सी टी आर निर्मल कुमार, ए राजमोहन, के टी प्रभु और एस कीर्तन शामिल हैं। एस कीर्तन कैबिनेट में शामिल होने वाली एकमात्र महिला मंत्री हैं।

सहयोगी दलों का मिला समर्थन
विजय ने सरकार बनाने का दावा पेश करते हुए कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, विदुथलाई चिरुथिगल काची और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के समर्थन पत्र राज्यपाल को सौंपे थे।

चुनाव में कांग्रेस को पांच सीटें मिलीं, जबकि CPI, CPI(M), VCK और IUML ने दो-दो सीटों पर जीत हासिल की।

13 मई तक बहुमत साबित करने का निर्देश
राज्यपाल ने विजय को 13 मई तक विधानसभा में बहुमत साबित करने को कहा है। बता दें कि, काफी समय से राजनीति में आने की अटकलों के बीच विजय ने साल 2024 में TVK की शुरुआत की थी। 2026 विधानसभा चुनाव में उन्होंने पेरंबूर और त्रिची ईस्ट, दोनों सीटों से जीत दर्ज की। हालांकि नियमों के तहत अब उन्हें एक सीट छोड़नी होगी।

Spread the love