रुपया बुधवार को शुरुआती कारोबार में 31 पैसे की मजबूती के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.29 पर पहुंच गया। कच्चे तेल की कीमतों और अमेरिकी डॉलर सूचकांक में गिरावट से घरेलू मुद्रा को समर्थन मिला। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि ब्रेंट कच्चा तेल घटकर करीब 79 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है, जो पिछले तीन महीनों का सबसे निचला स्तर है। इससे निवेशकों की धारणा को बल मिला।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.46 प्रति डॉलर पर खुला। फिर 94.29 प्रति डॉलर तक पहुंच गया, जो पिछले बंद के मुकाबले 31 पैसे की बढ़त है। रुपया मंगलवार को दो पैसे कमजोर होकर 94.60 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। पिछले तीन कारोबारी सत्रों में रुपया कुल 130 पैसे मजबूत हुआ है।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.01 प्रतिशत की गिरावट के साथ 99.52 पर रहा। वहीं, अमेरिका-ईरान शांति समझौते से उत्साहित निवेशकों की इस सप्ताह की शुरुआत से जारी लिवाली के दम पर घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को शुरुआती कारोबार में तेजी रही।
बीएसई का सेंसेक्स 271.61 अंक की बढ़त में 77,080.09 अंक पर खुला। बीच में कुछ देर के लिए यह थोड़ी गिरावट में जरूर गया, लेकिन फिर वापसी करने में कामयाब रहा। खबर लिखे जाते समय यह 245.92 अंक (0.32 प्रतिशत) ऊपर 77,054.40 अंक पर रहा।
19 जून को होने हैं शांति समझौते पर साइन
अमेरिका और ईरान के बीच 19 जून को शांति समझौते पर हस्ताक्षर होने हैं। समझौते की शर्तें अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हैं, लेकिन बताया जा रहा है कि इसमें होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलना भी शामिल है। इससे निवेशकों में उत्साह देखा जा रहा है।
सेंसेक्स की कंपनियों में इटरनल और ट्रेंट के शेयर तीन प्रतिशत से ज्यादा मजबूत हुए। टेक महिंद्रा, इंफोसिस और सनफार्मा के शेयर भी फिलहाल एक से दो प्रतिशत तक मजबूत हैं। टीसीएस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बीईएल, टाटा स्टील, आईसीआईसीआई बैंक और हिंदुस्तान यूनीलिवर के शेयर भी ऊपर चल रहे हैं।

Related Posts
शेयर बाजार से डीलिस्ट होगी जयप्रकाश एसोसिएट्स, क्या डूब जाएंगे पैसे, जानें क्या हैं निवेशकों के पास विकल्प?
PF खाता है तो मुफ्त मिलता है 7 लाख रुपए तक का बीमा कवर, जानें कैसे उठाएं फायदा?
अमेरिका-ईरान डील : शेयर बाजार में उछाल, Sensex 1200 अंक चढ़ा, Nifty 24000 के करीब