June 19, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

दुनिया की पहली ऑटोनॉमस रिफाइनरी बनेगा जामनगर, वैश्विक स्तर पर नया मानक करेगा स्थापित

रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) के कार्यकारी निदेशक अनंत अंबानी ने कंपनी की वार्षिक आम बैठक (AGM) में कहा कि जामनगर रिफाइनरी को दुनिया की पहली एंड-टू-एंड ऑटोनॉमस रिफाइनरी बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। यह वैश्विक रिफाइनिंग इंडस्ट्री में एक नया मानक स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया संकट और होर्मुज स्ट्रेट में रुकावट के बावजूद रिलायंस ने देश की एनर्जी सिक्युरिटीज सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाई। कंपनी ने आयात प्रभावित होने के दौरान LPG की आपूर्ति को चार गुना तक बढ़ाया, जिससे देश में आपूर्ति संकट को नियंत्रित करने में मदद मिली।

इससे पहले, रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कहा कि भारत अपनी 70 फीसदी से ज्यादा ऊर्जा जरूरतों के लिए बाहरी स्रोतों पर निर्भर है। यह न सिर्फ महंगा है, बल्कि इससे भारत के भू-राजनीतिक अस्थिरता की चपेट में आने का खतरा भी बना रहता है। उन्होंने कहा, ”हम इसे अपना कर्तव्य मानते हैं कि यह सुनिश्चित करें कि भारत का भविष्य कभी भी ऊर्जा की कमी या असुरक्षा का बंधक न बने।”

O2C बिजनेस का रेवेन्यू 5.7% बढ़ा

अनंत अंबानी ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में रिलायंस के ऑयल-टू-केमिकल्स (O2C) कारोबार का रेवेन्यू 5.7 फीसदी बढ़कर 6,62,401 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जबकि कामकाजी मुनाफा (EBITDA) 10.1 फीसदी बढ़कर 60,546 करोड़ रुपये रहा।

उन्होंने कहा कि रिलायंस का एक्सप्लोरेशन एंड प्रोडक्शन (E&P) कारोबार भी मजबूत प्रदर्शन कर रहा है। कंपनी का गैस उत्पादन लगभग 26 MMSCMD रहा, जो भारत के कुल प्राकृतिक गैस उत्पादन का करीब 30 फीसदी है। वहीं कच्चे तेल का उत्पादन लगभग 18,000 बैरल प्रतिदिन रहा। इस कारोबार ने FY26 में 23,861 करोड़ रुपये का रेवेन्यू और 19,050 करोड़ रुपये का EBITDA दर्ज किया।

पश्चिम एशिया संघर्ष में RIL की बड़ी पहल

उन्होंने बताया कि जब पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण LNG आपूर्ति प्रभावित हुई, तब रिलायंस ने अपनी घरेलू गैस आपूर्ति को सिटी गैस डि​स्ट्रिब्यूशन, उर्वरक और बिजली उत्पादन जैसे प्राथमिकता वाले क्षेत्रों की ओर मोड़ दिया।

अनंत अंबानी ने कहा कि कंपनी जामनगर रिफाइनरी को दुनिया की पहली एंड-टू-एंड ऑटोनॉमस रिफाइनरी बनाने की दिशा में काम कर रही है। यह वैश्विक रिफाइनिंग उद्योग में एक नया मानक स्थापित करेगा। इसके अलावा, जियो-बीपी के पेट्रोल और डीजल कारोबार में भी मजबूत वृद्धि दर्ज की गई। कंपनी की ईंधन बिक्री सालाना आधार पर 29 प्रतिशत बढ़ी और उसका रिटेल नेटवर्क बढ़कर लगभग 2,200 आउटलेट्स तक पहुंच गया।

Spread the love