तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में एक कारखाने में अमोनिया गैस लीक होने से बड़ा हादसा हो गया है। गैस की चपेट में आकर कारखाने में काम कर रहीं 7 महिला कर्मचारियों की मौत हो गई है। वहीं, 50 से अधिक श्रमिक घायल हुए हैं, जिनमें से करीब एक दर्जन की हालत गंभीर है। कुछ मरीजों की हालत बिगड़ने पर चेन्नई रेफर किया गया है। गैस रिसाव की घटना सेंट पीटर्स पॉल सीफूड्स एक्सपोर्ट्स यूनिट में हुई। इस घटना से पूरे पेरीपालयम इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग डरे हुए हैं।
घटना तिरुवल्लूर जिले के पेरियापलायम के पास स्थित सेंट पीटर्स पॉल सीफूड्स एक्सपोर्ट्स यूनिट में हुई। घटना की जानकारी मिलते ही अरक्कोनम स्थित राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की चौथी बटालियन मुख्यालय से टीम को मौके पर भेजा गया।
मुख्यमंत्री ने दिए जांच के आदेश
मुख्यमंत्री थलापति विजय ने जांच के आदेश दिए हैं और 3 सदस्यों की एक समिति बनाई है। इसमें इंडस्ट्रियल सेफ्टी और हेल्थ के डायरेक्टर, पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के मेंबर सेक्रेटरी और पब्लिक हेल्थ के एडिशनल डायरेक्टर शामिल हैं। समिति से कहा गया है कि वह 24 घंटे के अंदर अंतरिम रिपोर्ट और 3 दिनों के अंदर फाइनल रिपोर्ट सौंपे। मुख्यमंत्री ने मंत्री और अधिकारियों को प्रभावित लोगों को हर संभव बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
राज्यपाल ने व्यक्त किया गहरा शोक
तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक प्रकट किया है। राजभवन द्वारा जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में राज्यपाल ने कहा कि तिरुवल्लूर जिले के पेरियापलायम के पास कन्निकैपैयार गांव में स्थित झींगा प्रसंस्करण कारखाने में हुई अमोनिया गैस रिसाव की घटना से वह अत्यंत व्यथित हैं। उन्होंने इस त्रासदी में अपनी जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है।
इस घटना ने औद्योगिक सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और स्थानीय प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके और कारखाने में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा को लेकर अब कई तरह के सवाल उठाए जा रहे हैं।

Related Posts
लखनऊ में भीषण आग से 14 छात्रों की मौत, पीएम मोदी ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान
न्यू ट्रैफिक चालान रूल्स : आधा जुर्माना भरने के बाद ही मिलेगी लोक अदालत से राहत
MP के छिंदवाड़ा में बड़ा सड़क हादसा : पिकअप और ट्रक की टक्कर में पांच मजदूरों की मौत, 20 घायल