मध्यप्रदेश में 26 जून तक मौसम के कई रंग देखने को मिलेंगे। प्रदेश में अगले चार दिन तक कहीं लू चलेगी तो कहीं आंधी और बारिश का दौर बना रहेगा। मानसून की दस्तक में देरी और प्री-मानसून गतिविधियां कमजोर पड़ने से उमस और गर्मी बढ़ गई है। पिछले दो दिनों से जबलपुर संभाग के कई जिलों में लू का असर बना हुआ है।
जबलपुर समेत 5 जिलों में हीटवेव का अलर्ट
भोपाल स्थित मौसम केंद्र (IMD) ने अगले चार दिनों के लिए जबलपुर, रीवा और सागर संभाग के जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। सोमवार को नरसिंहपुर, जबलपुर, मंडला, उमरिया और डिंडौरी जिलों में दिन के समय गर्म हवाएं चलने की संभावना है, जबकि शाम के बाद तेज हवा और बारिश हो सकती है।
ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, श्योपुर, गुना, नीमच, मंदसौर, रतलाम, आगर-मालवा, राजगढ़, भोपाल, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, देवास, सीहोर, इंदौर, उज्जैन, शाजापुर, छिंदवाड़ा, सिवनी और बालाघाट जिलों में गर्मी और उमस का असर बने रहने का अनुमान है।
इन जिलों में आज आंधी और बारिश के आसार
हीटवेव और गर्मी के बीच प्रदेश के 21 से अधिक जिलों में तेज हवा और बारिश का दौर भी देखने को मिल सकता है। झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बड़वानी, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, मैहर, अनूपपुर, कटनी, दमोह, सागर, विदिशा और अशोकनगर में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
रायसेन, भोपाल, सतना और सिवनी में बरसे बादल
रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी और बारिश का सिलसिला जारी रहा। रायसेन में 61 मिलीमीटर यानी करीब ढाई इंच बारिश दर्ज की गई। भोपाल में दोपहर के समय तेज बारिश हुई, जबकि सतना में लगभग पौन इंच पानी गिरा। इसके अलावा जबलपुर, खजुराहो, नौगांव और सिवनी में भी बारिश का दौर जारी रहा।
दिन के तापमान में गिरावट, दतिया सबसे गर्म रहा
रविवार को बारिश के कारण तापमान में कुछ कमी दर्ज की गई। प्रदेश के प्रमुख शहरों में भोपाल का अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 37.1 डिग्री, ग्वालियर का 39.7 डिग्री, उज्जैन का 36 डिग्री और जबलपुर का 38 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
वहीं, पचमढ़ी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सिवनी और शिवपुरी में 35 डिग्री, रायसेन में 36 डिग्री तथा सागर और टीकमगढ़ में 36.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। दतिया प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Related Posts
MP के छिंदवाड़ा में बड़ा सड़क हादसा : पिकअप और ट्रक की टक्कर में पांच मजदूरों की मौत, 20 घायल
राजनीतिक रंग में रंगा राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला, 26 को अयोध्या जाएंगे अरविंद केजरीवाल
पश्चिम बंगाल : BJP का ऐतिहासिक बजट, महिलाओं को 21 हजार, डीए में बढ़ोतरी सहित कई अभूतपूर्व ऐलानों की झड़ी