June 22, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

नीतीश ही रहेंगे ‘सुप्रीम’ : चौथी बार संभाली JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष की कमान

बिहार की राजनीति में एक बार फिर नीतीश कुमार का कद और मजबूत हो गया है। रविवार को जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में उन्हें लगातार चौथी बार पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। इस फैसले पर पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं ने सहमति जताई और राष्ट्रीय परिषद ने भी अपनी मुहर लगा दी।

राजधानी पटना स्थित पार्टी के राज्य मुख्यालय के कर्पूरी हॉल में आयोजित इस बैठक में कार्यकर्ताओं और नेताओं ने नीतीश कुमार का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उनके बेटे निशांत कुमार ने उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया, जिसकी तस्वीरें भी चर्चा का विषय बनीं।

बैठक को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार ने बिहार में एनडीए सरकार के कामकाज की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा रही है और ‘सात निश्चय पार्ट-3’ के तहत शुरू की गई योजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है।

बैठक के बाद पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि राष्ट्रीय परिषद में चार महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की गई और उन्हें सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। उन्होंने कहा कि बिहार में सत्ता का सुचारू हस्तांतरण भारतीय राजनीति में एक अनूठा उदाहरण है।

गौरतलब है कि नी​तीश कुमार इससे पहले भी तीन बार जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके हैं। पहली बार उन्हें साल 2016 में यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसके बाद 2019, 2023 और अब चौथी बार उन्हें पार्टी की कमान मिली है। पार्टी नेताओं का मानना है कि नीतीश कुमार ही जेडीयू की सबसे बड़ी ताकत और सर्वमान्य नेता हैं।

Spread the love