June 29, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

BJP की ”नजर नेशन पर नहीं, डोनेशन” पर : अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ”नजर नेशन पर नहीं, डोनेशन पर” (देश पर नहीं दान पर) रहती है। उन्होंने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने और जनता के विश्वास को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया।

भाजपा के शब्दकोष में न धर्म है और न शर्म
पार्टी की ओर से जारी बयान के अनुसार, यादव ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी और प्रसाद की कथित चोरी को लेकर आरोप लगाया कि यह भक्तों की आस्था के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने कहा, ”इस सरकार में चौतरफा लूट है। भाजपा के शब्दकोष में न धर्म है और न शर्म। अयोध्या में प्रभु श्रीराम के मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी आस्था के साथ खिलवाड़ है।

भाजपा का ध्यान देश से ज्यादा दान पर
यादव ने दावा किया कि अयोध्या के लोग कह रहे हैं कि चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के तार कर्नाटक से जुड़े हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां ”गैर-पंजीकृत और भूमिगत” लोग चुनाव के दौरान मतदाताओं को प्रभावित करने और चुनावी गतिविधियों में शामिल रहते हैं। यादव ने कहा, ”भाजपा का ध्यान देश से ज्यादा दान पर है।” उन्होंने चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के मामले का उल्लेख करते हुए कहा, ”चोर-चोर सौतेले भाई, जिन्होंने चुराई भगवान राम की पाई।

भाजपा ने ”भगवान राम को धोखा दिया
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मामले में केवल ”छोटी मछलियां” पकड़ी जा रही हैं, जबकि ”बड़ी मछलियों” को बचाया जा रहा है। उन्होंने स्वयं को ”सच्चा सनातनी” मानने वाले लोगों से भाजपा को वोट नहीं देने और पार्टी से चुनाव टिकट नहीं मांगने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा ने ”भगवान राम को धोखा दिया है।” पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया, ”भाजपा सीसीटीवी से डरती है, क्योंकि लोग अब ‘सीसी’ का मतलब समझ चुके हैं, चढ़ावा चोरी और चंदा चोरी।

करोड़ रुपये खर्च करने के बावजूद गंगा सफाई में विफल भाजपा
यादव ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि हाल में लखनऊ में कोचिंग सेंटर में आग लगने जैसी घटनाएं भ्रष्टाचार और सुरक्षा मानकों की अनदेखी का परिणाम हैं, जिनमें विद्यार्थियों और नौकरी के अभ्यर्थियों की जान गई। उन्होंने भाजपा सरकार पर हजारों करोड़ रुपये खर्च करने के बावजूद गंगा की सफाई में विफल रहने का भी आरोप लगाया।

सपा अध्यक्ष ने प्रयागराज में आयोजित सपा के ‘विजन इंडिया’ कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रोजगार और निवेश जैसे मुद्दों पर चर्चा की है। यादव ने कहा कि अगर 2027 में सपा की सरकार बनती है तो शिक्षा व्यवस्था में सुधार किया जाएगा, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा और निवेश को बढ़ावा दिया जाएगा।

Spread the love