अमेरिकी सेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में तीन पोतों पर हमले होने के बाद बुधवार तड़के ईरान पर ”जवाबी हमले” किए और ईरान को वैश्विक बाजार में कच्चा तेल खुले तौर पर बेचने की अनुमति देने वाले लाइसेंस को भी रद्द कर दिया। ऐसा प्रतीत होता है कि ईरान ने अमेरिका की इस कार्रवाई के बाद जबाव में बहरीन और कुवैत पर हमले किए।
इससे पहले अमेरिका ने कहा था कि ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में तीन पोतों पर हमला किया था। अमेरिकी हमलों के तुरंत बाद ईरान ने अमेरिका को चेतावनी दी कि वह ”हर जरूरी कदम उठाएगा।” इससे युद्ध रोकने के लिए हुए अंतरिम समझौते के टूटने का खतरा बढ़ गया है और पश्चिम एशिया के फिर से व्यापक संघर्ष की चपेट में आने की आशंका पैदा हो गई है।
ईरान पर हमले के बाद बहरीन और कुवैत ने बुधवार सुबह उन पर मिसाइल हमले होने के संबंध में अलर्ट जारी किए। बहरीन जहां अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े का ठिकाना है, वहीं कुवैत में अमेरिकी थलसेना मौजूद है। पोतों पर हमले और उसके बाद ईरान पर अमेरिकी हमले ऐसे समय में हुए हैं, जब ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार से जुड़े कार्यक्रम जारी हैं।
खामेनेई 28 फरवरी को युद्ध की शुरुआत में अमेरिका और इस्राइल के हमलों में मारे गए थे। अंतिम संस्कार कार्यक्रम बृहस्पतिवार को समाप्त होंगे। ऐसा माना जा रहा था कि ईरान में शोक की इस अवधि में तनाव कम होगा लेकिन शोक मनाने वाले लोगों ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की ”हत्या का आह्वान” कई बार किया है।
अमेरिका और ईरान के बीच अंतिम समझौते तक पहुंचने के लिए बातचीत खामेनेई को सुपुर्द-ए-खाक किए जाने के बाद शुरू होनी है। इस वार्ता में होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह फिर से खोलने और ईरान के विवादित परमाणु कार्यक्रम पर लगाम लगाने जैसे कठिन मुद्दों पर चर्चा होनी है लेकिन हालिया हमलों ने इस प्रक्रिया को खतरे में डाल दिया है। ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने ‘एक्स’ पर लिखा, ”धौंस और उगाही का दौर खत्म हो चुका है। इससे कोई नतीजा नहीं निकलेगा। हम झुकते नहीं हैं।”
‘यूएस सेंट्रल कमान’ ने कहा कि अमेरिकी बलों ने ”एक अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग में बेकसूर चालक दल वाले वाणिज्यिक पोतों को निशाना बनाने और उन पर हमला करने की भारी कीमत वसूलने के लिए” ये हमले किए। उसने कहा कि उसने ईरान के कई ठिकानों को निशाना बनाया जिनमें वायु रक्षा प्रणालियां, रडार और ईरान के अर्द्धसैनिक रिवोल्यूशनरी गार्ड द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली 60 से अधिक छोटी नौकाएं शामिल हैं। उसने कहा कि जलडमरूमध्य में पोतों को परेशान करने में इन नौकाओं की अहम भूमिका रही हैं।

Related Posts
अमेरिकी हमलों के बाद ईरान का पलटवार, कुवैत की एयर डिफेंस सिस्टम एक्टिव
इंडोनेशिया की संसद से PM मोदी का चीन को बड़ा संदेश, कहा- भारत विकास चाहता है, विस्तारवाद नहीं
ईरान ने भारत को बोला थैंक्यू, कहा-“दोस्ती का यह अनमोल जज़्बा कभी नहीं भूलेंगे”