Udaan Desk. सितंबर की शुरुआत इस बार निवेशकों और घरेलू गैस ग्राहकों के लिए कुछ अहम बदलाव लेकर आ रही है। 1 सितंबर 2026 से ईटीएफ कारोबार के नियम बदलेंगे, जिससे खास तौर पर सोने और चांदी से जुड़े ईटीएफ में कारोबार का तरीका बदलेगा। इसी तारीख से सरकार की घरेलू पीएनजी कनेक्शन बढ़ाने वाली प्रोत्साहन योजना भी लागू होगी। यानी एक बदलाव का सीधा संबंध निवेश से है, जबकि दूसरा घरों तक पाइप वाली गैस पहुंचाने से जुड़ा है।
इन बदलावों का असर आम लोगों की जिंदगी से लेकर खर्च और बचत तक पर पड़ सकता है। बैंकिंग, गैस सिलेंडर, टैक्स, क्रेडिट कार्ड, ट्रैवल या दूसरे जरूरी नियमों में होने वाले बदलाव आपकी जेब पर सीधा असर डाल सकते हैं। इसलिए सितंबर में लागू होने वाले हर बड़े बदलाव पर नजर रखें।
गोल्ड ETF में बदल जाएगी कीमत की सीमा
ETF में कारोबार करने वालों के लिए सबसे बड़ा बदलाव भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) के नए नियमों से जुड़ा है। नियामक ने ईटीएफ के लिए कीमत तय करने, कीमत की सीमा और शुरुआती कारोबार से जुड़े नियमों में बदलाव किया है। ये बदलाव 1 सितंबर 2026 से लागू होंगे।
नए नियमों के तहत ईटीएफ की कीमत की सीमा तय करने के लिए पिछले कारोबारी दिन के आखिरी 30 मिनट की कारोबार मात्रा के आधार पर निकाली गई औसत कीमत को आधार बनाया जाएगा। इससे ईटीएफ की कारोबारी कीमत को बाजार की ताजा स्थिति के ज्यादा करीब रखने की कोशिश की गई है।
घरेलू PNG कनेक्शन बढ़ाने की नई योजना
1 सितंबर से दूसरा बड़ा बदलाव घरेलू पाइप वाली गैस यानी पीएनजी से जुड़ा है। केंद्र सरकार ने घरेलू पीएनजी कनेक्शन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन योजना को मंजूरी दी है। यह योजना 1 सितंबर 2026 से लागू होगी। सरकार के मुताबिक देश में अभी 1.74 करोड़ घरेलू पीएनजी कनेक्शन हैं। नई योजना का मकसद नए इलाकों में पीएनजी नेटवर्क बढ़ाना और ऐसे कनेक्शनों को चालू कराना है, जिनका अभी बिल नहीं बन रहा है।
बदल जाएंगे बैंक FD के नियम
सितंबर में बैंक फिक्स्ड डिपॉजिट यानी FD की ब्याज दरों में भी बदलाव हो सकता है। ब्याज दर घटने पर नई FD कराने वाले ग्राहकों को पहले की तुलना में कम रिटर्न मिल सकता है। वहीं, दरों में बढ़ोतरी होने पर निवेशकों की ब्याज आय बढ़ सकती है। FD में पैसा लगाने की योजना बना रहे लोगों को निवेश से पहले बैंक की नई ब्याज दरों और अवधि की तुलना जरूर करनी चाहिए।
ATM चार्ज में बदलाव की संभावना
ATM से जुड़े शुल्क में भी बदलाव की संभावना पर नजर रहेगी। अगर बैंक या संबंधित संस्थाएं शुल्क में बदलाव करती हैं, तो तय सीमा से अधिक ATM ट्रांजैक्शन करने वाले ग्राहकों के खर्च पर इसका असर पड़ सकता है। इसलिए सितंबर की शुरुआत में अपने बैंक के नए ATM शुल्क और नियमों की जानकारी जरूर जांच लें।
LPG गैस सिलेंडर बुकिंग के लिए बदलाव
जो लोग 23 अगस्त तक एलपीजी कनेक्शन का ई-केवाईसी नहीं कर पाए थे, उनके लिए आखिरी तारीख बढ़ाकर 31 अगस्त कर दी गई है। यानी 1 सितंबर से आप ईकेवाईसी नहीं कर पाएंगे। यह ई-केवाईसी या आधार बायोमेट्रिक कंफर्मेशन जरूरी है, नहीं तो घरेलू रेट पर सिलेंडर नहीं मिलेगा। इंडियन ऑयल, एचपीसीएल और बीपीसीएल कंपनियां लोगों से जल्दी पूरा करने की जानकारी दे चुकी है। बाकी बचे लोगों को मैसेज भी आएगा जिसमें नई तारीख बताई जाएगी। समय रहते काम निपटा लें ताकि गैस सप्लाई न रुके।

Related Posts
भारत की ग्रोथ में तेजी की क्षमता, 8% से अधिक बढ़ सकती है अर्थव्यवस्था : विश्व बैंक प्रमुख अजय बंगा
7.8% GDP Growth : तमाम चुनौतियों के बीच भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत, अनुमान से बेहतर रही ग्रोथ
छोटा कारोबारी भी बेच सकेगा विदेश में माल, EOR संभालेगा जिम्मेदारी