July 2, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

दिल्ली-UP को सौगात : बनेगी 8.1 KM की सुरंग और नया ग्रीनफील्ड हाईवे

दिल्ली और उत्तर प्रदेश के बीच सड़क कनेक्टिविटी सुगम होगी। केंद्र सरकार ने कुल 14,114.81 करोड़ रुपए की लागत वाली दो बड़े हाईवे प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है। इन प्रोजेक्ट का उद्देश्य शहरी यातायात को सुगम बनाना, लॉजिस्टिक्स नेटवर्क को मजबूत करना और क्षेत्रीय आर्थिक ग्रोथ को बढ़ावा देना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (CCEA) की मीटिंग में इन दोनों प्रोजेक्ट को मंजूरी दी गई। इनमें द्वारका एक्सप्रेसवे को दक्षिण दिल्ली से जोड़ने वाली 6-लेन सुरंग और उत्तर प्रदेश में कानपुर से कबरई को जोड़ने वाला ग्रीनफील्ड एक्सेस-कंट्रोल्ड हाईवे शामिल है। सरकार के अनुसार, दिल्ली की सुरंग प्रोजेक्ट का निर्माण हाइब्रिड एन्युटी मॉडल (HAM) के तहत किया जाएगा। जबकि कानपुर-कबरई हाईवे को बिल्ड-ऑपरेट-ट्रांसफर (BOT) मॉडल पर विकसित किया जाएगा।

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने राष्ट्रीय राजमार्ग-148AE पर 8.1 किलोमीटर लंबी 6-लेन सड़क सुरंग के निर्माण को मंजूरी दी है। यह सुरंग द्वारका एक्सप्रेसवे (NH-248BB) के शिवमूर्ति इंटरचेंज को वसंत कुंज स्थित नेल्सन मंडेला मार्ग से जोड़ेगी। इस प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 6,969.67 करोड़ रुपए है।

यह सुरंग केवल दक्षिण दिल्ली तक ही सीमित नहीं रहेगी। सरकार के मुताबिक, इसे एम्स से महीपालपुर के बीच प्रस्तावित एलिवेटेड कॉरिडोर से भी जोड़ा जाएगा। इसके बाद यह बारापुला एलिवेटेड रोड से जुड़ेगी, जिससे पूर्वी दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा तक आने-जाने वाले लोगों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
सरकार ने बताया कि यह सुरंग सदर्न रिज फॉरेस्ट के नीचे टनल बोरिंग मशीन (TBM) की मदद से बनाई जाएगी। इस टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल इसलिए किया जाएगा ताकि पर्यावरण के लिहाज से संवेदनशील इस क्षेत्र में जमीन की सतह पर कम से कम असर पड़े और निर्माण कार्य से पर्यावरण को न्यूनतम नुकसान हो।

इस प्रोजेक्ट में सिर्फ सुरंग ही नहीं बनाई जाएगी, बल्कि इसके साथ 3.14 किलोमीटर लंबी भूमिगत सुरंग, एप्रोच रैंप, एलिवेटेड रोड और सामान्य सड़कें भी विकसित की जाएंगी। इसके अलावा नेल्सन मंडेला मार्ग पर 1.8 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड, महीपालपुर की ओर एक अतिरिक्त फ्लाईओवर और महीपालपुर-छतरपुर जंक्शन पर ट्रैफिक जाम कम करने के लिए एक एलिवेटेड यू-टर्न भी बनाया जाएगा।

Spread the love